30 नवंबर तक हर हाल में पूरा करना होगा विक्रमशिला सेतु का मरम्मत कार्य, मंत्री शैलेन्द्र ने दिए निर्देश

Vikramshila Setu Repair Deadline Set : बिहार के पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र ने विक्रमशिला सेतु का निरीक्षण किया. उन्होंने 30 नवंबर 2026 तक मरम्मत कार्य पूरा करने का निर्देश दिया है. गुणवत्ता और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा.

Vikramshila Setu Repair Deadline Set : बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र ने सोमवार को भागलपुर में गंगा नदी पर स्थित विक्रमशिला सेतु के पुनर्स्थापन एवं मरम्मत कार्य का स्थल निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों से परियोजना की वर्तमान स्थिति, गुणवत्ता नियंत्रण तथा निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप कार्यों के निष्पादन की जानकारी ली.

30 नवंबर तक कार्य पूरा करने का सख्त निर्देश

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि विक्रमशिला सेतु के पुनर्स्थापन एवं मरम्मत का कार्य हर हाल में 30 नवंबर 2026 तक पूरा किया जाये. उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जायेगी. सभी संबंधित एजेंसियां तय समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के लिए समन्वय के साथ काम करें.

गुणवत्ता और सुरक्षा से नहीं होगा समझौता

मंत्री ने कहा कि सेतु के पुनर्स्थापन कार्य के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाये. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और कार्य की नियमित निगरानी की जाये, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या उत्पन्न न हो.

स्टेजिंग निर्माण समय पर पूरा करने का निर्देश

कुमार शैलेंद्र ने डिस्मेंटलिंग कार्य के लिए बनाये जा रहे स्टेजिंग निर्माण की भी समीक्षा की. उन्होंने संबंधित एजेंसी को निर्देश दिया कि स्टेजिंग निर्माण निर्धारित गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरा किया जाये, ताकि आगे की निर्माण प्रक्रिया बिना किसी बाधा के संचालित हो सके.

बेली ब्रिज हटाने के लिए बीआरओ से समन्वय पर जोर

मंत्री ने कहा कि आगामी चरण में बेली ब्रिज को सुरक्षित तरीके से हटाने के लिए बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (बीआरओ) के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित किया जाये. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तकनीकी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए बेली ब्रिज हटाने का कार्य सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाये.

जनसुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कहा कि आम लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्माण कार्यों को तकनीकी मानकों के अनुरूप समय पर पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े.

मरम्मत पूरी होने से क्षेत्र को मिलेगा बड़ा लाभ

मंत्री ने कहा कि विक्रमशिला सेतु के पुनर्स्थापन एवं मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद भागलपुर सहित आसपास के जिलों की संपर्क व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी. इससे यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और तेज आवागमन की सुविधा मिलेगी. साथ ही व्यापार, परिवहन और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी.

ये भी पढ़ें : भागलपुर में मरीन ड्राइव निर्माण का पहला बेस कैंप लेने लगा आकार, यहीं से होगा पूरे प्रोजेक्ट का संचालन


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

ब्रजेश नंदन माधुर्य प्रिंट माध्यम में 20 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. स्वच्छता व ई-कॉमर्स में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >