नवगछिया थाना क्षेत्र के तेतरी गांव में एक युवक की लाठी-डंडे से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में कुछ लोग एक युवक की पिटाई करते नजर आ रहे हैं. पिटाई के दौरान एक व्यक्ति वीडियो भी बना रहा है. घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चा हो रही हैं. वायरल वीडियो में तेतरी गांव के पूर्व मुखिया गोपाल सिंह सहित तीन अन्य अज्ञात लोगों के एक युवक की पिटाई करने की बात सामने आ रही है. चर्चा है कि पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था. वीडियो में पिटाई के बाद युवक किसी को फोन कर पैसे की मांग करता दिखाई दे रहा है. वायरल वीडियो की पुष्टि प्रभात खबर नहीं करता है. इस मामले में पूर्व मुखिया गोपाल सिंह ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि संबंधित युवक ट्रैक्टर की बैटरी चोरी करते पकड़ा गया था. युवक ने मकई और गेहूं की बोरियां भी उतार ली थीं तथा आसपास के लोगों की टोटो गाड़ी का चार्जर और बैलगाड़ी का एक्सल चोरी कर कबाड़ी में बेच दिया था. युवक को रंगेहाथ पकड़े जाने के बाद कुछ लाठी मारी गयी. युवक की पहचान राहुल राय (पिता- राजेश राय),तेतरी गांव के रूप में हुई है. स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ है. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है. इस घटना के बाद क्षेत्र में सवाल उठ रहा है कि यदि जनप्रतिनिधि स्तर के लोग स्वयं कानून हाथ में लेंगे, तो आमजन को कानून का पालन करने की सीख कौन देगा. मामले को गंभीरता से लेते हुए नवगछिया एसपी प्रेरणा कुमार ने बताया कि एक वीडियो प्राप्त हुआ है, जिसमें युवक की लाठी से पिटाई दिख रही है. वीडियो की सत्यता की जांच के लिए टेक्निकल टीम तथा नवगछिया थाना को जांच के निर्देश दिये गये हैं. पुलिस पूरे मामले की तहकीकात में जुटी है.
Bhagalpur news युवक की पिटाई का वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी

Bhagalpur news युवक की पिटाई का वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी
Copied link
नवगछिया थाना क्षेत्र के तेतरी गांव में एक युवक की लाठी-डंडे से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.