डाक अधीक्षक कार्यालय में जीडीएस पद के लिए चयनित अभ्यर्थियों और डाक विभाग के कर्मचारियों के बीच मंगलवार को विवाद बढ़ गया, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गया. घटना के दौरान कार्यालय परिसर में अफरातफरी मच गयी. हरियाणा के हिसार से आये अभ्यर्थी संसार और महेंद्रगढ़ के मनजीत समेत करीब 15 युवाओं ने आरोप लगाया कि वेरिफिकेशन के नाम पर प्रति अभ्यर्थी 25 हजार रुपये की मांग की जा रही थी. उनका कहना था कि सभी दस्तावेज सही होने के बावजूद जानबूझकर सत्यापन प्रक्रिया में देरी की जा रही थी. अभ्यर्थियों के अनुसार, जब उन्होंने इस कथित गड़बड़ी का विरोध करते हुए मोबाइल से वीडियो बनाना चाहा, तो कर्मचारियों ने उनके साथ हाथापाई की. उन्होंने यह भी मांग की कि यदि ज्वाइनिंग नहीं दी जानी है, तो कम से कम रिजेक्शन लेटर जारी किया जाये. वहीं, दस्तावेज जांच कर रहे अधिकारी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि सभी अभ्यर्थियों का कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार की जा रही थी. कुछ अभ्यर्थी एक साथ कमरे में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे, जिससे विवाद की स्थिति बनी. डाक अधीक्षक संजीत कुमार भगत ने कहा कि अभ्यर्थी जल्दबाजी में थे और अधिकारियों पर दबाव बना रहे थे. उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी प्रक्रियाएं नियमों के तहत की जा रही हैं. लगाये गये आरोप पूरी तरह निराधार हैं.
bhagalpur news. डाक अधीक्षक कार्यालय में हंगामा, अभ्यर्थियों और कर्मचारियों के बीच हाथापाई
डाक अधीक्षक कार्यालय में जीडीएस पद के लिए चयनित अभ्यर्थियों और डाक विभाग के कर्मचारियों के बीच मंगलवार को विवाद बढ़ गया, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गया.
