ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में दो युवक घायल

Bhagalpur Road Accident News : सुलतानगंज-भागलपुर मुख्य मार्ग पर देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया.

सुलतानगंज, भागलपुर से शुभंकर की रिपोर्ट

Bhagalpur News : भागलपुर जिले के सुलतानगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार रात तेज रफ्तार ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गयी. हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया.

टक्कर के बाद सड़क पर गिरे युवक

हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए.

चालक ट्रैक्टर लेकर फरार

घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके का फायदा उठाकर वाहन सहित फरार हो गया. स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी.सूचना मिलते ही थाना इंस्पेक्टर मृत्युंजय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल पहुंचाया.

दोनों घायलों की हालत गंभीर

घायलों की पहचान कोलगामा निवासी 20 वर्षीय टार्जन, पिता मोहम्मद गफ्फार तथा भागलपुर निवासी 28 वर्षीय मोहम्मद राजा, पिता मोहम्मद खलील के रूप में हुई है.रेफरल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उच्च केंद्र रेफर कर दिया.

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. फरार ट्रैक्टर चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटा रही है.

सड़क हादसों को लेकर बढ़ी चिंता

स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा और वाहन जांच अभियान तेज करने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit kumar sinh

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >