भागलपुर रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई, 72 बोतल शराब के साथ दो महिला तस्कर गिरफ्तार
Bhagalpur News : भागलपुर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साहेबगंज-जमालपुर पैसेंजर ट्रेन से 72 बोतल देशी और विदेशी शराब बरामद की है. कार्रवाई के दौरान दो महिला तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया, जिनसे पूछताछ में शराब तस्करी का खुलासा हुआ.
भागलपुर से ललित किशोर मिश्र की रिपोर्ट
Bhagalpur News : भागलपुर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ पोस्ट की टीम ने इंस्पेक्टर एके गिरि के नेतृत्व में शराब तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया. गुप्त सूचना मिली थी कि साहेबगंज-जमालपुर पैसेंजर ट्रेन के जरिए अवैध शराब की खेप लाई जा रही है. सूचना मिलते ही स्टेशन पर सुरक्षा बढ़ा दी गई और टीम को अलग-अलग बोगियों में तैनात किया गया.
ट्रेन पहुंचते ही शुरू हुई सर्चिंग
आरपीएफ इंस्पेक्टर के अनुसार ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही टीम ने सभी बोगियों की सघन तलाशी शुरू कर दी. जांच के दौरान एक सीट के पास संदिग्ध अवस्था में रखे दो बैग मिले. बैग की जांच करने पर उसमें भारी मात्रा में देशी और विदेशी शराब बरामद हुई.
दो महिला तस्करों को लिया गया हिरासत में
सर्चिंग के दौरान बैग के पास मौजूद दो महिलाओं को हिरासत में लिया गया. पूछताछ में दोनों महिलाओं ने शराब ले जाने की बात स्वीकार कर ली. इसके बाद आरपीएफ टीम ने दोनों महिला तस्करों को गिरफ्तार कर लिया.
कानूनी प्रक्रिया के बाद उत्पाद विभाग को सौंपा गया मामला
आरपीएफ ने बरामद 72 बोतल शराब को जब्त कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद दोनों गिरफ्तार महिलाओं और जब्त शराब को आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग भागलपुर को सौंप दिया गया.
रेलवे स्टेशन पर बढ़ाई गयी निगरानी
आरपीएफ अधिकारियों का कहना है कि रेलवे मार्ग से शराब तस्करी रोकने के लिए लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है. संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए स्टेशन और ट्रेनों में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है.