परीक्षा देने जा रही दो छात्राएं ट्रेन की चपेट में आने से गंभीर घायल, अस्पताल में भर्ती

नवगछिया में मदन अहिल्या महिला महाविद्यालय में परीक्षा देने जा रही दो छात्राएं जखबाबा स्थान के समीप रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

Navgachia Train Accident: मदन अहिल्या महिला महाविद्यालय में स्नातक पार्ट-थ्री की परीक्षा देने जा रही दो छात्राएं सोमवार को जखबाबा स्थान के समीप रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की सूचना पर नवगछिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों छात्राओं को इलाज के लिये अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया.

दोनों छात्राएं परीक्षा देने जा रही थीं

घायलों की पहचान भवानीपुर थाना क्षेत्र के रायपुर निवासी दिनेश शर्मा की पुत्री मुस्कान कुमारी और कुशाहा निवासी सुनील शर्मा की पुत्री जुली कुमारी के रूप में हुई है. दोनों नारायणपुर स्थित जेपी कॉलेज की छात्राएं हैं और मदन अहिल्या महिला महाविद्यालय में स्नातक पार्ट-थ्री की परीक्षा देने जा रही थीं.

स्टेशन से ट्रैक के बीच होकर जा रही थीं छात्राएं

जानकारी के अनुसार दोनों छात्राएं परीक्षा में शामिल होने के लिए ट्रेन से नवगछिया रेलवे स्टेशन पहुंची थीं. स्टेशन पर उतरने के बाद दोनों मदन अहिल्या महिला महाविद्यालय जाने के लिए रेलवे ट्रैक के बीच से पैदल आगे बढ़ रही थीं. जखबाबा स्थान के समीप पहुंचने पर अचानक दोनों ओर की रेलवे लाइनों पर एक साथ ट्रेन गुजरने लगी.

ट्रेन के झटके और हवा के दबाव से हुईं घायल

ट्रेनों के गुजरने के दौरान तेज हवा के दबाव और झटके की चपेट में आने से दोनों छात्राएं गंभीर रूप से घायल होकर रेलवे ट्रैक के पास गिर गईं. आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर उनकी मदद की और पुलिस को घटना की सूचना दी.

अनुमंडल अस्पताल में कराया गया भर्ती

सूचना मिलते ही नवगछिया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों छात्राओं को अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया. दोनों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. घटना की जानकारी पुलिस ने छात्राओं के परिजनों को फोन के माध्यम से दी, जिसके बाद परिजन अस्पताल पहुंचने के लिए रवाना हुए.

रेलवे ट्रैक से पैदल जाने के जोखिम ने बढ़ाई चिंता

घटना ने रेलवे ट्रैक के बीच से पैदल आवागमन के खतरे को एक बार फिर उजागर किया है. स्टेशन से कॉलेज जाने के दौरान छात्राओं ने निर्धारित सुरक्षित रास्ते के बजाय रेलवे लाइन का इस्तेमाल किया. इसी दौरान दोनों ओर से ट्रेनों के गुजरने के कारण वे हादसे की चपेट में आ गयी.

सुरक्षित रास्ते का इस्तेमाल करने की अपील

Navgachia Train Accident: रेलवे और पुलिस की ओर से लोगों से रेलवे ट्रैक पर पैदल नहीं चलने तथा रेलवे परिसर में निर्धारित सुरक्षित रास्ते का ही इस्तेमाल करने की अपील की जाती रही है. इस घटना के बाद भी यात्रियों और विद्यार्थियों से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की गयी है.

Also Read: बिहार में कहीं भगदड़ तो कहीं डूबने से 12 लोगों की मौत, सावन की तीसरी सोमवारी पर कई परिवारों में मातम


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rashid alam

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >