Bhagalpur news कीचड़ में धंसा ट्रैक्टर, घंटों जाम से लोग परेशान
कहलगांव शिवनारायणपुर पेट्रोल पंप के पास निर्माणाधीन एनएच-80 पर अनाज से लदा ट्रैक्टर कीचड़ में धंस गया.
कहलगांव शिवनारायणपुर पेट्रोल पंप के पास निर्माणाधीन एनएच-80 पर अनाज से लदा ट्रैक्टर कीचड़ में धंस गया. ट्रैक्टर फंसते ही हाइवे पर दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गयी और घंटों जाम लगा रहा. जाम की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अमित कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने मजदूरों की मदद से ट्रैक्टर पर लदे अनाज के बोरे उतरवाए. वजन कम होने के बाद कड़ी मशक्कत से ट्रैक्टर को कीचड़ से निकाला गया. करीब दो घंटे बाद पुलिस की निगरानी में एक-एक कर वाहनों को निकाला गया और यातायात सुचारू हुआ. ग्रामीणों का कहना है कि एनएच-80 पर महीनों से निर्माण कार्य चल रहा है. हल्की बारिश होते ही यहां सड़क दलदल में बदल जाती है. लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि बरसात से पहले सड़क की मरम्मत में तेजी लाकर कार्य पूरा किया जाए.
संदिग्ध परिस्थितियों में चोरी के आरोपित की मौत, ओवरडोज की आशंका
नवगछिया थाना क्षेत्र के प्रोफेसर कॉलोनी में गुरुवार को दर्जनों चोरी के मामलों के आरोपित चंदन रजक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी. घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है. मृतक की पहचान प्रोफेसर कॉलोनी के स्वर्गीय ईश्वर रजक का पुत्र चंदन रजक के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार चंदन रजक पर नवगछिया, गोपालपुर एवं रंगरा थाना में चोरी के तीन दर्जन से अधिक मामले दर्ज थे. बताया जा रहा है कि गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे चंदन खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था. काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकलने पर परिजनों को चिंता हुई. शाम के समय जब परिवार के लोगों ने कमरे का दरवाजा खोला, तो देखा कि चंदन बेहोशी की हालत में पड़ा हुआ है और उसके नाक से खून बह रहा था. आनन-फानन में परिजन उसे इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. परिजनों ने बताया कि चंदन लंबे समय से नशे की सुई और टैबलेट का सेवन करता था. आशंका जतायी जा रही है कि नशे की सुई और दवा का अधिक मात्रा में सेवन करने से उसकी मौत हुई है. घटना की सूचना मिलने के बाद नवगछिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार किया. पुलिस ने मृतक के कमरे की तलाशी ली, जहां से नशे की सुई व टैबलेट बरामद किये गये हैं. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी. नवगछिया थानाध्यक्ष रवि शंकर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला नशे की सुई एवं टैबलेट के ओवरडोज से मौत का प्रतीत हो रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.