TMBU: TNB कॉलेज के प्राचार्य ने किया BCA विभाग का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में जल्द सुधार का दिया कड़ा निर्देश

भागलपुर के TNB कॉलेज में शैक्षणिक व्यवस्थाओं को सुधारने की कवायद तेज हो गई है. प्राचार्य ने BCA विभाग का औचक निरीक्षण कर कमियों को दूर करने के निर्देश दिए हैं. छात्र संगठन ABVP के दबाव के बाद प्रशासन हरकत में आया है.

भागलपुर के प्रतिष्ठित TNB महाविद्यालय में शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गई है. इसी कड़ी में महाविद्यालय के प्राचार्य ने बीसीए (BCA) विभाग का औचक निरीक्षण किया. इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य विभाग में उपलब्ध मौजूदा व्यवस्थाओं, शैक्षणिक वातावरण और विद्यार्थियों को मिलने वाली अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लेना था. प्राचार्य ने विभाग की कमियों को गंभीरता से लेते हुए सुधार कार्यों में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए हैं.

सकारात्मक शैक्षणिक माहौल बनाने पर जोर

बीसीए विभाग के विभिन्न कक्षों और सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद प्राचार्य ने विभागीय अधिकारियों व शिक्षकों के साथ बैठक की.

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिया कि विभाग की व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर बनाने की सख्त आवश्यकता है. जो भी ढांचागत या प्रशासनिक कमियां पाई गई हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर अविलंब दूर किया जाए. प्राचार्य ने कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के लिए एक उत्कृष्ट और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करना है, ताकि उनकी पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो.

अभाविप (ABVP) के दबाव के बाद प्रशासन हरकत में

ज्ञात हो कि बीसीए विभाग में व्याप्त अव्यवस्थाओं और बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की टीएनबी महाविद्यालय इकाई पिछले काफी समय से लगातार आवाज उठा रही थी.

छात्र संगठन के इसी दबाव और लगातार उठ रही मांगों के क्रम में प्राचार्य ने स्वयं विभाग का निरीक्षण किया. इस दौरान अभाविप के पदाधिकारियों ने प्राचार्य के साथ मिलकर विभिन्न व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सकारात्मक चर्चा की.

'प्रशासन के साथ मिलकर कर रहे हैं प्रयास': छात्र नेता

निरीक्षण के दौरान मौके पर मौजूद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नगर सहमंत्री सोहम शुभम और कॉलेज अध्यक्ष सुमित सिंह ने कहा, "हम विद्यार्थियों की शैक्षणिक सुविधाओं और महाविद्यालय की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए कॉलेज प्रशासन के साथ मिलकर लगातार सकारात्मक प्रयास कर रहे हैं."

छात्र नेताओं ने प्राचार्य द्वारा कमियों को दूर करने और व्यवस्थाओं में सुधार के लिए दिए गए निर्देशों का स्वागत किया. उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में बीसीए विभाग की व्यवस्थाओं में बड़े स्तर पर सुधार देखने को मिलेगा.

इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान अभाविप के नगर सहमंत्री सोहम शुभम, कॉलेज अध्यक्ष सुमित सिंह, शिक्षक संजीत सर, शंभू सर और उमेश सर सहित विभाग के कई अन्य लोग उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आरफीन जुबैर

आरफीन जुबैर प्रिंट माध्यम में पिछले 16 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा और खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >