Bhagalpur news यात्री शेड पर दबंगों का कब्जा, राहगीर परेशान

गोराडीह प्रखंड के विरनौध चौक पर यात्रियों के सुविधा के लिए बनाया गया शेड अवैध दुकानों में तब्दील हो गया है.

गोराडीह प्रखंड के विरनौध चौक पर यात्रियों के सुविधा के लिए बनाया गया शेड अवैध दुकानों में तब्दील हो गया है. करीब 20 वर्ष पूर्व तत्कालीन विधायक दिवंगत सुधा श्रीवास्तव के विधायक निधि से निर्मित शेड पर पिछले चार-पांच वर्षों से दबंगों का कब्जा है. यात्री शेड को दुकानों में तब्दील कर दिया गया है. लोगों का कहना है कि कभी यह शेड राहगीरों के लिए धूप और बारिश से बचने का सहारा था, लेकिन आज स्थिति ऐसी है कि चिलचिलाती धूप हो या बारिश यात्रियों को खुले आसमान के नीचे सड़क किनारे बस या अन्य वाहनों का इंतजार करना पड़ता है. बुजुर्गों, महिलाओं व बच्चों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इस अवैध कब्जे को लेकर आम लोगों में नाराजगी है. स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन कार्रवाई के नाम पर आश्वासन ही मिला है, कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गयी है. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अतिक्रमण हटा कर यात्री शेड को उसके मूल स्वरूप में वापस लाया जाए, ताकि आम लोगों को फिर से इसका लाभ मिल सके. प्रभारी सीओ सोनू कुमार भगत ने बताया कि उन्होंने हाल ही में कार्यभार संभाला है और जांच के बाद जल्द ही आवश्यक कदम उठाये जायेंगे.

नपं अकबरनगर के सशक्त स्थाई समिति की बैठक में कई निर्णय

नगर पंचायत अकबरनगर के सभागार में गुरुवार को अध्यक्ष किरण देवी की अध्यक्षता में सशक्त स्थाई समिति का बैठक हुई. बैठक में अकबरनगर हाट की जमीन से अतिक्रमण हटाने, बस स्टैंड का बंदोबस्ती कराने का निर्णय लिया गया. बस अड्डा के लिए कोई जमीन नहीं है. डीएम को पत्राचार करने का निर्णय लिया है. बैठक में नगर पंचायत अकबरनगर अंतर्गत हाट का निविदा को अंचलाधिकारी से पत्राचार, शिव मंदिर के निकट ऑटो स्टैंड के सैरात के लिए जिला प्रशासन को पत्राचार करने पर विचार किया गया. मानसून पूर्व नाली का पूर्ण सफाई और उड़ाई करने पर सहमति बनी. वार्ड दो अंतर्गत अमिया घाट रोड में प्याऊ निर्माण व वार्ड नौ एवं दो अंतर्गत रद्द निविदा का पुनः प्रकाशन, नगर पंचायत अकबरनगर अंतर्गत एकमात्र सार्वजनिक शौचायल का निविदा सहित क्षेत्र के विकास के लिए विभिन्न मुद्दों पर स्थाई समिति ने सहमति दी. नगर पंचायत अध्यक्ष किरण देवी ने कहा कि नगर पंचायत प्रशासन नागरिकों के सुविधा को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. बैठक में उपाध्यक्ष अनिल कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी निशांत कुमार, सशक्त स्थाई समिति सदस्य, प्रधान सहायक जयहिंद भारत सहित कार्यालय कर्मी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By JITENDRA TOMAR

JITENDRA TOMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >