बिहपुर प्रखंड के सोनवर्षा गंगा दियारा में गुरुवार की सुबह एक किसान-सह-पशुपालक ने खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली है. घटना की जानकारी मिलते ही बिहपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. मृतक की पहचान नारायणपुर प्रखंड के गंगा दियारा स्थित शाहजादपुर पंचायत के विशनपुर के भीम मंडल का पुत्र दिलीप मंडल (30) के रूप में हुई. बताया जा रहा है कि गोली कनपटी के पास लगी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी. चचेरे भाई निरंजन मंडल ने बताया कि दिलीप मंडल सोनवर्षा गंगा दियारा क्षेत्र में ठेका-बटाईदारी पर चार बीघा खेत में परवल की खेती करता था. गुरुवार की सुबह वह खेत देखने यहां आया था. परिजनों के अनुसार वह पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में चल रहा था. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर आवश्यक जांच-पड़ताल की और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि यह मामला आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा जांच और अनुसंधान के बाद ही हो सकेगा. इधर घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. सोनवर्षा गंगा दियारा में गोली मार आत्महत्या की घटना ने कई सवाल खड़े कर रहे हैं. एक ओर इसे आत्महत्या से जोड़ा जा रहा है. वहीं दबी जुबान लोग इसे हत्या का मामला बता रहे हैं. प्रत्यक्षदर्शी के बयान से यह मामला हादसे की ओर इशारा करता है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच पड़ताल कर रही है. युवक सरल स्वभाव का मेहनतकश था. अब पुलिस जांच में ही दिलीप की मौत की गुत्थी सुलझ पायेगी. घटना आत्महत्या थी, दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई और साजिश है. परिजन बदहवास है. घटना में प्रयुक्त हथियार व खोखा पुलिस ने बरामद कर लिया है.
Bhagalpur news किसान ने खुद को गोली मार कर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
बिहपुर प्रखंड के सोनवर्षा गंगा दियारा में गुरुवार की सुबह एक किसान-सह-पशुपालक ने खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली है
