भागलपुर से ऋषव मिश्रा कृष्णा की रिपोर्ट :
भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र स्थित शिवनंदनपुर गांव में रविवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आयी. 26 वर्षीय रौशन कुमार ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है. मृतक की शादी इसी वर्ष 14 मार्च को बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के जानकीपुर गांव निवासी साक्षी कुमारी से हुई थी.परिजनों के अनुसार शादी के बाद परिवार में सबकुछ सामान्य चल रहा था. हाल ही में पति-पत्नी ने साथ मिलकर वट सावित्री पूजा भी मनायी थी. ऐसे में अचानक हुई इस घटना से परिवार और आसपास के लोग स्तब्ध हैं.पत्नी ने बंद दरवाजा देख जतायी आशंका
बताया गया कि रविवार रात करीब 9.30 से 10 बजे के बीच रौशन ने कमरे में दुपट्टे के सहारे पंखे की कड़ी से फांसी लगा ली. पत्नी साक्षी कुमारी ने पहले उन्हें खाना दिया था और फिर ससुर को भोजन देने चली गयीं. वापस लौटने पर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला.काफी देर तक आवाज देने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला तो दूसरे कमरे से झांककर देखा गया. वहां रौशन फंदे से लटका हुआ मिला. यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गयी.
दरवाजा तोड़कर अस्पताल ले गये
घटना के बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़कर रौशन को नीचे उतारा और आनन-फानन में जेएलएनएमसीएच मायागंज अस्पताल लेकर पहुंचे. परिजनों का कहना है कि उस समय उसकी सांसें चल रही थीं, लेकिन अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.कर्ज को लेकर जतायी जा रही आशंका
मृतक रौशन ऑटो किराये पर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था. परिजनों के मुताबिक शादी में कुछ कर्ज हुआ था. हालांकि आत्महत्या की वजह यही थी, इसकी पुष्टि अब तक नहीं हो पायी है. मौके से कोई Suicide Note भी बरामद नहीं हुआ है.
