Bhagalpur News. विभाग के वरीय शिक्षक ने तीसरी बार विवि को भेजा रिमाइंडर, लीपापोती का लगाया आरोप

अंक बढ़ाकर विद्यार्थी को पास करने का आरोप.

पीजी जूलॉजी विभाग का मामला, अंकों में हेरफेर कर एक विद्यार्थी को पास करने का लगा है आरोप

टीएमबीयू के पीजी जूलॉजी विभाग ने मेथोडोलॉजी कोर्स में फेल एक विद्यार्थी को अंकों में हेरफेर कर पास करने का आरोप लगाया है. पीएचडी मेथोडोलॉजी कोर्स में उक्त विद्यार्थी को विभाग से जारी रिजल्ट में अनुत्तीर्ण दिखाया गया था. मामले में विवि प्रशासन कार्रवाई करना भूल गया है. इस बाबत विभाग के वरीय शिक्षक प्रो इकबाल अहमद ने विवि के प्रभारी कुलपति व परीक्षा नियंत्रक को तीसरी बार रिमाइंडर भेजा है. आराेप लगाया है कि विवि में लीपापोती की जा रही है.वरीय शिक्षक इस गड़बड़ी को लेकर इससे पहले प्रभारी कुलपति व परीक्षा नियंत्रक को दो बार लिखित शिकायत कर चुके हैं. उधर, परीक्षा नियंत्रक प्रो विनोद कुमार ओझा ने कहा कि पत्र मिला है. वरीय अधिकारी के समक्ष पत्र बढ़ाया गया है. प्रशासन के आदेश पर आगे की कार्रवाई की जायेगी. हालांकि जूलॉजी विभाग की हेड डॉ धर्मशीला पहले ही कह चुकी है कि लगाये गये आरोप सरासर गलत व निराधार है. डीन द्वारा पूर्व में पूछे सवाल का जवाब दिया जा चुका है. इससे आगे कुछ नहीं बाेलेंगे.

जांच से किया मना

विवि के अंदरखाने की मानें, तो मामले को लेकर परीक्षा विभाग से रजिस्ट्रार के समक्ष फाइल बढ़ायी गयी थी. रजिस्ट्रार कार्यालय से संबंधित डीन को जांच करने के लिए दिया गया था. सूत्रों के अनुसार डीन ने फाइल लौटा दिया है. कहा गया कि जबतक प्रभारी कुलपति का आदेश नहीं मिल जाता है, तो आगे की जांच प्रक्रिया नहीं की जा सकती है. दूसरी तरफ अमुख विद्यार्थी ने शोध के लिए विभाग में सिनोप्सिस जमा करा दिया है.

41 अंक को बढ़ा कर 56 अंक बनाने का आरोप

प्रो इकबाल अहमद ने रिमाइंडर पत्र में आरोप लगाया कि पीएचडी मेथोडोलॉजी कोर्स की परीक्षा में उसे कुल 41 अंक था, जिसे बढ़ाकर 56 कर दिया गया है. प्रो अहमद ने आरोप लगाया है कि परीक्षा के दौरान उस विद्यार्थी द्वारा गड़बड़ी करने पर कुछ मिनट तक कॉपी शिक्षकों ने रख लिया था. कुछ देर बाद कॉपी दी गयी थी. आवेदन में कहा कि फरवरी में ही पीएचडी मेथोडोलॉजी कोर्स का रिजल्ट तैयार था. हेड ने अमुख विद्यार्थी के फेल होने के बाद बतायी थी, लेकिन मार्च में जारी रिजल्ट में उसे पास दिखाया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KALI KINKER MISHRA

KALI KINKER MISHRA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >