रतनपुर गांव में 3 महीने से पेयजल संकट, 125 घरों तक नहीं पहुंचा पानी

Bhagalpur News : सरकार की महत्वाकांक्षी ‘हर घर नल का जल’ योजना का दावा रतनपुर गांव में दम तोड़ता नजर आ रहा है. भीषण गर्मी में जहां लोगों को घर-घर पानी मिलने की उम्मीद थी, वहीं अब महिलाएं और बच्चे दूर-दराज से पानी ढोने को मजबूर हैं. अधूरी पाइपलाइन और बंद जलापूर्ति ने ग्रामीणों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं.

सुलतानगंज,भागलपुर से शुभंकर की रिपोर्ट

भागलपुर जिले के सुलतानगंज प्रखंड अंतर्गत खानपुर पंचायत के रतनपुर गांव में ‘हर घर नल का जल’ योजना पूरी तरह फेल साबित हो रही है. गांव के करीब 125 घर पिछले तीन माह से पेयजल संकट से जूझ रहे हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि पाइपलाइन बिछाने का कार्य अधूरा छोड़ दिया गया, जिसके कारण अब तक जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है. भीषण गर्मी के बीच ग्रामीण निजी चापाकल और बोतलबंद पानी के सहारे जीवन गुजारने को मजबूर हैं.

अधूरी पाइपलाइन बनी परेशानी की जड़

ग्रामीण मुकुल कुमार सिंह ने बताया कि योजना के तहत गांव में पाइप बिछाने के लिए गड्ढे खोदे गए थे, लेकिन कार्य अधूरा छोड़ दिया गया. कई जगह पाइपलाइन तक नहीं बिछाई गई और जिन स्थानों पर गड्ढे खोदे गए थे, वहां अब घास उग आई है.उन्होंने कहा कि अधिकांश घरों तक कनेक्शन पाइप भी नहीं पहुंचाया गया है. कई बार विभागीय अधिकारियों को सूचना देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.

500 से अधिक आबादी पेयजल संकट से परेशान

ग्रामीण भानु प्रसाद सिंह, विकल सिंह और अन्य लोगों ने बताया कि गांव की लगभग 500 से 600 की आबादी पिछले तीन महीनों से गंभीर पेयजल संकट झेल रही है. कुछ घरों में नल लगाए गए हैं, लेकिन उनमें पानी नहीं आ रहा. वहीं कई परिवार अब भी योजना के लाभ से वंचित हैं.ग्रामीणों के अनुसार, बोरिंग का पानी मुख्य पाइपलाइन से अब तक नहीं जोड़ा गया है. इसी कारण जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है. हालात ऐसे हैं कि लोगों को निजी चापाकलों और बाजार से खरीदे गए पानी पर निर्भर रहना पड़ रहा है.

भीषण गर्मी में महिलाओं और बच्चों की बढ़ी परेशानी

गांव में जल संकट का सबसे अधिक असर महिलाओं और बच्चों पर पड़ रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि तेज धूप और भीषण गर्मी के बीच दूर से पानी लाना पड़ता है, जिससे दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है.

मुखिया ने समाधान का दिया भरोसा

पंचायत की मुखिया Anita Devi ने बताया कि समस्या को लेकर सहयोग शिविर में आवेदन दिया गया है. उन्होंने कहा कि पंचायत के लगभग 125 घर पेयजल सुविधा से वंचित हैं और जल्द समाधान के लिए पहल की जा रही है.ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अधूरी पाइपलाइन का कार्य जल्द पूरा कर गांव में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >