श्रावणी मेला : सुलतानगंज स्टेशन तैयार, 12 मीटर फुटओवर ब्रिज, सीसीटीवी व विशेष सुविधाओं से मिलेगी राहत

Sultanganj Shravani Mela 2026 : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले के लिए सुलतानगंज रेलवे स्टेशन पूरी तरह तैयार है. श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए नए 12 मीटर चौड़े फुटओवर ब्रिज सहित कई विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं.

Sultanganj Shravani Mela 2026 : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले को लेकर मालदा रेल मंडल ने सुलतानगंज रेलवे स्टेशन पर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं. सावन के पहले दिन से लाखों कांवरियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम रेल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए नए फुटओवर ब्रिज, अतिरिक्त सीसीटीवी, हेल्प डेस्क, चिकित्सा शिविर और मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट सहित कई विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं.

12 मीटर चौड़ा नया फुटओवर ब्रिज आज से होगा शुरू

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सुलतानगंज रेलवे स्टेशन पर निर्मित 12 मीटर चौड़े आधुनिक फुटओवर ब्रिज को गुरुवार से श्रद्धालुओं और यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा. इससे प्लेटफॉर्मों के बीच आवागमन आसान होगा, भीड़भाड़ कम होगी और कांवरियों को सुरक्षित एवं तेज आवाजाही की सुविधा मिलेगी.

डीआरएम के निर्देशन में बनी विशेष कार्ययोजना

मालदा मंडल के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता के निर्देश पर सभी विभागों ने संयुक्त रूप से विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है. श्रावणी मेला-2026 के दौरान निर्बाध रेल परिचालन, प्रभावी भीड़ प्रबंधन, यात्री सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं की सतत निगरानी के लिए अधिकारियों की प्रतिदिन स्टेशन पर तैनाती की गई है. वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता प्रदीप दास को मेला समन्वयक अधिकारी बनाया गया है, जबकि वाणिज्य निरीक्षक (भागलपुर) को मेला अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

सीसीटीवी, हेल्प डेस्क और चिकित्सा शिविर से होगी निगरानी

स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. इसके साथ ही होल्डिंग एरिया, चिकित्सा शिविर, ‘मे आई हेल्प यू’ काउंटर, अतिरिक्त टिकट काउंटर, दिशासूचक बोर्ड और ट्रेन सूचना प्रणाली की व्यवस्था की गई है. फुटओवर ब्रिज, प्लेटफॉर्म, प्रवेश और निकास द्वार जैसे संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी.

कांवरियों को मिलेंगी आधुनिक यात्री सुविधाएं

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्टेशन पर सुरक्षित पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, छत के पंखे, स्वच्छ प्रतीक्षालय, साफ-सुथरे शौचालय और मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट की व्यवस्था की गई है. मेला अवधि के दौरान मंडल के वरिष्ठ अधिकारी प्रतिदिन व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे, ताकि लाखों कांवरियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव मिल सके.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ललित किशोर मिश्र

ललित किशोर मिश्र प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से व डिजिटल माध्यम में पिछले 3 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, रेलवे और परिहवन में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >