मुख्य बातें:
सुलतानगंज (भागलपुर) से शुभंकर की रिपोर्ट
Sultanganj Station FOB: विश्वप्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 के सफल आयोजन और देश-विदेश से आने वाले लाखों कांवरियों की सुविधाओं को लेकर रेलवे प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है. मेले के दौरान प्रतिदिन सुलतानगंज पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) मनीष कुमार गुप्ता ने गुरुवार को सुलतानगंज रेलवे स्टेशन का विस्तृत एवं सूक्ष्म निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, यात्री शेड, सुरक्षा व्यवस्था और निर्माणाधीन परियोजनाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर काम पूरा करने की सख्त हिदायत दी.
15 जुलाई तक हर हाल में चालू होगा ₹12 करोड़ का अत्याधुनिक FOB
- हादसों पर लगेगी रोक: डीआरएम ने करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे 12 मीटर चौड़े अत्याधुनिक फुट ओवरब्रिज (FOB) का विशेष निरीक्षण किया. इसकी लंबाई लगभग 46.20 मीटर है और यह प्लेटफॉर्म संख्या 1, 2 और 3 को आपस में जोड़ेगा.
- भीड़ प्रबंधन में मिलेगी मदद: डीआरएम ने निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया कि 15 जुलाई तक इसका निर्माण हर हाल में पूरा कर लिया जाए, ताकि कांवरियों को प्लेटफॉर्म बदलने के लिए पटरी न पार करनी पड़े और दुर्घटनाओं की आशंका शून्य हो सके.
इसके साथ ही, मेले के दौरान सुगम यात्रा के लिए ‘मेला स्पेशल’ और कम दूरी की शॉर्ट डिस्टेंस ट्रेनें चलाई जाएंगी. स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव समय भी 2 मिनट से बढ़ाकर 5 मिनट करने का प्रस्ताव भेजा गया है ताकि भीड़ में यात्रियों को चढ़ने-उतरने में आसानी हो.
सुरक्षा व्यवस्था होगी चाक-चौबंद; एमयूटीएस ऐप से मिलेंगे टिकट
डीआरएम ने स्टेशन परिसर में पेयजल, शौचालय, रोशनी और पंखों की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मेला शेड में अतिरिक्त सुविधाएं बढ़ाने को कहा. मेले के दौरान फूड प्लाजा, मेडिकल बूथ और प्राथमिक उपचार केंद्र भी क्रियाशील रहेंगे.
भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा को लेकर डीआरएम ने आरपीएफ (RPF) और जीआरपी (GRP) अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की. उन्होंने स्टेशन के प्रवेश द्वारों पर अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने और भारी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती के निर्देश दिए. इसके अलावा, टिकट काउंटरों पर भीड़ कम करने के लिए मोबाइल अनारक्षित टिकट प्रणाली (MUTS App) को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे कांवरिये मोबाइल से ही तुरंत टिकट बुक कर सकेंगे.
Sultanganj Station FOB: स्टेशन पर गूंजेगी शिव धुन, सफाई पर रहेगा विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान पत्रकारों के एक सवाल का जवाब देते हुए डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने कहा कि सुल्तानगंज पहुंचने वाले कांवरियों को आध्यात्मिक माहौल का अहसास कराने के लिए स्टेशन परिसर में शिव धुन और भक्ति संगीत बजाने के प्रस्ताव पर सकारात्मक प्रयास किया जाएगा.
सफाई को सबसे बड़ी चुनौती बताते हुए उन्होंने अतिरिक्त सफाईकर्मियों की तैनाती और नियमित कूड़ा प्रबंधन का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान डीईएन नीलेश कुमार गौरव, डीओएम राहुल कुमार, डीसीएम कार्तिक सिंह सहित मालदा मंडल के तमाम वरिष्ठ अधिकारी व स्टेशन प्रबंधक गिरीश प्रसाद सिंह मौजूद थे. डीआरएम ने साफ कर दिया कि तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
