bhagalpur news. राष्ट्रीय एकता शिविर में देश के 200 से अधिक छात्र-छात्राओं का होगा जुटान

तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय में चार से 10 फरवरी तक राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की ओर से राष्ट्रीय एकता शिविर का आयोजन होगा

तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय में चार से 10 फरवरी तक राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की ओर से राष्ट्रीय एकता शिविर का आयोजन होगा. इसमें तकरीबन 12 राज्यों से 200 से अधिक छात्र-छात्राओं (स्वयंसेवकों) का जुटान होगा. इसकी तैयारी का जायजा लेने के लिए गुरुवार को भारत सरकार के युवा मामले व खेल मंत्रालय की राष्ट्रीय सेवा योजना के बिहार व झारखंड निदेशालय के निदेशक विनय कुमार भागलपुर पहुंचे. पदाधिकारियों के साथ मारवाड़ी कॉलेज में बैठक की. बीएन कॉलेज व टीएनबी कॉलेज में तैयारी का जायजा लिया. स्थानीय प्राचार्य, कार्यक्रम पदाधिकारी व आयोजन से जुड़े शिक्षकों व स्वयंसेवकों से बारीकी से विषयवार चर्चा की. टीम भावना से सभी मिल कर काम करें : निदेशक

राष्ट्रीय सेवा योजना के बिहार व झारखंड निदेशालय के निदेशक विनय कुमार ने कहा कि यह भारत सरकार का राष्ट्रीय कार्यक्रम है. यह टीएमबीयू, भागलपुर शहर और बिहार के लिए प्रतिष्ठा का विषय है. शिविर में सभी कार्यक्रम और दिनचर्या भारत सरकार के लिखित प्रावधानों के अनुरूप होना है. लिहाजा इसकी संवेदनशीलता को देखते हुए इसके सफल आयोजन के लिए सभी के सहयोग की अपेक्षा है. जनप्रतिनिधियों, मीडिया कर्मियों, सुरक्षा कर्मियों से अनुरोध है कि सभी मिलकर इस कार्यक्रम की राष्ट्रीय गरिमा के लिए काम करें.

मेयर से मिल कर सफाई का अनुरोध

देर शाम निदेशक ने नगर निगम की महापौर डॉ बसुंधरा लाल से मुलाकात की. कार्यक्रम स्थल मारवाड़ी कॉलेज के आसपास स्वच्छता, रोशनी और कार्यक्रम के दौरान जलापूर्ति आदि के लिए पत्र सौंपा.

एकता शिविर का शेड्यूल

चार फरवरी : 11.30 बजे मारवाड़ी कॉलेज में उद्घाटन होगा

पांच फरवरी : स्वयंसेवकों द्वारा विशेष पौधरोपण

छह फरवरी : टीएनबी कॉलेज के बॉटनी डिपार्टमेंट में स्किल एंटरप्रेन्योरशिप पर ट्रेनिंग और टीएनबी प्राचार्य के नेतृत्व में कार्यक्रम

सात फरवरी : बीएन कॉलेज में फिट इंडिया और हिट इंडिया विषय पर परिचर्चा

आठ फरवरी : कहलगांव स्थित विक्रमशिला व एनटीपीसी का परिभ्रमण

नौ फरवरी : भागलपुर शहर में झांकी निकाली जायेगी

10 फरवरी : 11.30 बजे समापन कार्यक्रम का आयोजन होगा

यहां के स्वयंसेवक लेंगे भाग

बिहार, झारखंड, कर्नाटक, महाराष्ट्र, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, सिक्किम, गुजरात, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ आदि.

23 साल बाद मिला है टीएमबीयू को मौका

वर्ष 2003 में तत्कालीन कुलपति डॉ रामाश्रय यादव के कार्यकाल में भी यह आयोजन किया गया था. 23 साल बाद टीएमबीयू को दूसरी बार राष्ट्रीय एकता शिविर की मेजबानी का मौका मिला है.

शिविर का उद्देश्य

राष्ट्रीय एकता शिविर में भाग लेने आनेवाले विद्यार्थी शैक्षणिक, सामाजिक व सांस्कृतिक स्तर पर गतिविधियों को जानेंगे. सात दिनों तक भाषा, नृत्य व लोक कथा सहित राष्ट्रीय एकता पर विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम होंगे. देश की एकता के लिए काम करने की प्रेरणा छात्रों को मिलेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Atul kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >