bhagalpur news. शहर में अतिक्रमणकारियों पर सख्ती, वसूला गया 20 हजार जुर्माना

भागलपुर शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए शुक्रवार को भी अभियान जारी रहा.

भागलपुर शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए शुक्रवार को भी अभियान जारी रहा. नगर निगम की टीम ने उन स्थानों पर विशेष सख्ती दिखायी, जहां शहर के सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता दी जा रही है. इस दौरान कई प्रमुख इलाकों में कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया गया. नियमों का उल्लंघन करने वालों से 20 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया. साथ ही चेतावनी दी गयी कि अगर दोबारा अतिक्रमण करते पकड़े गये, तो जुर्माने की राशि और बढ़ायी जायेगी. प्रशासनिक कार्रवाई भी की जायेगी. कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों और टीम के बीच बहस भी देखने को मिली. कई लोगों ने अपनी रोजी-रोटी का हवाला देते हुए अतिक्रमण हटाने में ढील देने की मांग की. हालांकि, अधिकारियों ने इससे मना कर दिया.

इन इलाकों में चला सख्त अभियान

टीम ने तिलकामांझी, घंटाघर सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने का कार्य किया. सड़क किनारे अवैध रूप से लगाये गये ठेले, दुकानें और अन्य कब्जों को हटाया गया. शाखा प्रभारी जय प्रकाश यादव ने कहा कि अतिक्रमण के कारण न केवल रास्तों में बाधा उत्पन्न हो रही है, बल्कि आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में इस अभियान को और तेज किया जायेगा.

बॉक्स मैटर

दक्षिण भागलपुर में अतिक्रमण पर आइवॉश, सड़क पर लगता है बाजार, दिन भर रहता है जाम

शहर के दक्षिणी हिस्से में शीतला स्थान से बबरगंज की ओर जाने वाला मार्ग इन दिनों अतिक्रमण की चपेट में है. सड़क पर बांस बेचने वाले, मछली बाजार और दुकानों का सामान बाहर रखकर बिक्री करने की वजह से रास्ता संकरा हो गया है. इसके अलावा सड़क पर वाहनों की पार्किंग भी समस्या को और बढ़ा रही है. दिनभर इस मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रहती है. सड़क पर मछली बाजार लगने के कारण सुबह से दोपहर तक इस इलाके में स्थिति और भी खराब हो जाती है.

पुलिस की मौजूदगी के बावजूद नहीं हो रही कार्रवाई

बबरगंज थाना और मोजाहिदपुर थाना की पुलिस गाड़ियां दिन में कई बार इस मार्ग पर गश्त करती है. इसके बावजूद अतिक्रमण की स्थिति जस की तस बनी हुई है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्थिति को देखकर भी अनदेखा किया जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nishi ranjan thakur

निशिरंजन ठाकुर मुख्यधारा की पत्रकारिता में 25 वर्षों से अधिक समय से सक्रिय. साहित्यिक विषयों में भी गहरी रूचि. खबरों में तथ्य के साथ मानवीय संवेदना और भाषा की सादगी को अहम मानते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >