सहकारिता विभाग की ओर से आयोजित पैक्स अध्यक्ष, प्रबंधकों एवं व्यापार मंडल अध्यक्षों की एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का उद्घाटन डीएम डॉ नवल किशोर चौधरी, भागलपुर सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, अपर समाहर्ता(आपदा प्रबंधन) कुंदन कुमार एवं जिला प्रबंधक नाबार्ड ने संयुक्त रूप से किया गया. डीएम ने पैक्स अध्यक्षों, प्रबंधकों एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से कहा कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य सहकारिता के सबसे निचले लेकिन अत्यंत महत्वपूर्ण स्तर पर कार्यरत पदाधिकारियों को सक्षम बनाना है, ताकि वे सहकारी क्षेत्र में हो रहे बदलावों को समझ सके और नये क्षेत्रों में सहकारिता आंदोलन को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा सके. उन्होंने बताया कि पहले पैक्सों में केवल ऋण वितरण और वसूली का कार्य होता था, लेकिन अब सरकार ने अधिप्राप्ति जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को जोड़ कर सहकारी संस्थाओं को मजबूत किया है. इससे पैक्सों की आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है. पैक्सों को व्यवसायिक बनाने पर जोर डीएम ने कहा कि सरकार अब व्यवसायिक विविधीकरण पर जोर दे रही है, जिसके तहत पैक्सों को व्यवसायमुखी बनाने के लिए मुख्यमंत्री हरित कृषि यंत्र योजना, कॉमन सर्विस सेंटर, जन औषधि केंद्र, प्रधानमंत्री किसान समृद्धि योजना एवं पेट्रोल पंप जैसी गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है. उन्होंने यह भी बताया कि विश्व की सबसे बड़ी भंडारण योजना के अंतर्गत पैक्सों में 1500 एमटी से 10,000 एमटी तक के गोदाम निर्माण पर काम किया जा रहा है. इस प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए नाबार्ड के सहयोग से पैक्सों का कम्प्यूटरीकरण किया जा रहा है. भागलपुर जिले में कुल 160 पैक्सों का कम्प्यूटरीकरण पूरा किया जा चुका है. इसके अलावा प्रखंड स्तर पर बकरी पालन समिति, मधुमक्खी पालन समिति, अनुमंडल उपभोक्ता भंडार एवं किसान उत्पादन संगठन (एफपीओ) की स्थापना की गयी है. साथ ही 28 जीविका समूहों को स्वावलंबी समिति के रूप में निबंधित किया गया है. डीएम ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रतिभागियों से अपेक्षा जतायी कि वे विषय विशेषज्ञों से मिली जानकारी का उपयोग करते हुए सहकारी योजनाओं को धरातल पर लागू करेंगे. उन्होंने भरोसा दिलाया कि आवश्यक सहयोग के लिए प्रशासन हमेशा उनके साथ खड़ा रहेगा.
bhagalpur news. सहकारिता को नये क्षेत्रों से जोड़कर मजबूत बनायें : डीएम
सहकारिता विभाग की ओर से आयोजित पैक्स अध्यक्ष, प्रबंधकों एवं व्यापार मंडल अध्यक्षों की एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का उद्घाटन डीएम ने किया.
