South Bihar Weather: पटना. दक्षिण बिहार के जिलों में अगले पांच दिनों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 12 से 16 सितंबर के बीच आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवा चल सकती है और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है.
मौसम के इस बदलाव का असर खेती-किसानी पर भी पड़ सकता है. ग्रामीण कृषि मौसम सेवा ने किसानों को मौसम को ध्यान में रखते हुए धान, अरहर और पशुओं की देखभाल को लेकर जरूरी सलाह जारी की है.
32 से 34 डिग्री रह सकता है अधिकतम तापमान
पूर्वानुमान अवधि में दक्षिण बिहार के जिलों में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 80 से 86 प्रतिशत और दोपहर में 65 से 72 प्रतिशत के आसपास रह सकती है.
इस दौरान पूरबा हवा चलने का अनुमान है, जिसकी गति 8 से 18 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है. कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवा और बारिश को देखते हुए लोगों को मौसम के बदलाव पर नजर रखने की सलाह दी गई है.
धान की फसल में नाइट्रोजन का करें उपरिवेशन
मौसम आधारित कृषि सलाह में धान की फसल को लेकर किसानों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है. सलाह के अनुसार खेत में हल्की नमी रहने पर बिस्पायरिबेक सोडियम 200 ग्राम प्रति हेक्टेयर और पायरेजोसल्फ्यूरॉन 200 ग्राम प्रति हेक्टेयर के मिश्रण का स्प्रे करने की सलाह दी गई है. साथ ही धान की फसल में नाइट्रोजन का उपरिवेशन करने को कहा गया है.
सितंबर में लगायी जाने वाली अरहर की फसल के लिए भी किसानों को खेत की तैयारी पूरी करने की सलाह दी गयी है, ताकि अनुकूल मौसम मिलने पर समय पर बुआई की जा सके.
South Bihar Weather: लम्पी रोग से बचाव के लिए साफ रखें पशु बाड़ा
पशुपालकों को लम्पी रोग से बचाव के लिए पशुओं के बाड़े की साफ-सफाई और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गयी है. बाड़े को साफ और सूखा रखने के साथ प्रतिदिन सफाई के बाद चूने के पाउडर का छिड़काव करने को कहा गया है.
ग्रामीण कृषि मौसम सेवा के नोडल पदाधिकारी डॉ. बीरेंद्र कुमार ने किसानों और पशुपालकों से मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कृषि एवं पशुपालन संबंधी गतिविधियों की योजना बनाने की अपील की है.
Also Read: नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड का बदलेगा नाम? JDU के सांसद और मंत्री के बयान से चर्चा तेज
Also Read: प्रशांत किशोर बोले- हां हूं मैं बेचारा, CM सम्राट चौधरी के इस बयान का PK ने दिया रिप्लाई
