BHAGALPUR : जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी के दौरान असम राइफल्स के जवान शहीद, गांव में पसरा मातम
ग्राम पंचायत सियां के बरैनी गांव निवासी विनय कुमार के इकलौते पुत्र शिव शंकर कुमार का जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी के दौरान आकस्मिक निधन हो गया.
कहलगांव, भागलपुर से प्रतिनिधि की रिपोर्ट :
ग्राम पंचायत सियां के बरैनी गांव निवासी विनय कुमार के इकलौते पुत्र शिव शंकर कुमार का जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी के दौरान आकस्मिक निधन हो गया. खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय शिव शंकर कुमार की तीन वर्ष पूर्व असम राइफल्स के मेडिकल विभाग में नियुक्ति हुई थी. वर्तमान में वे जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में देश सेवा में तैनात थे. बीते दिन ड्यूटी के दौरान अचानक ऑक्सीजन की कमी होने से उनकी तबीयत बिगड़ गई. इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली. शहीद शिव शंकर अपने पिता के इकलौते पुत्र थे. इकलौते बेटे की शहादत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है.ग्रामीणों ने बताया कि शिव शंकर बचपन से ही मेधावी और मिलनसार था. देश सेवा का जज्बा लेकर वह सेना में भर्ती हुआ था. शहीद का पार्थिव शरीर आज देर शाम तक पटना आने के बाद कल शुबह तक पैतृक गांव बरैनी लाए जाने की संभावना है.राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा. क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है.