सामाजिक संस्था स्वाभिमान द्वारा स्थानीय प्रगति शिक्षण संस्थान मंदरोजा में अंग क्षेत्र के महान स्वतंत्रता सेनानी बाबू सियाराम सिंह की 120वीं जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनायी गयी. कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के संस्थापक जगतराम साह कर्णपुरी ने व उद्घाटन रंजन कुमार राय ने स्वतंत्रता सेनानी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया. मुख्य अतिथि अजयशंकर प्रसाद शामिल हुये. उपस्थित सदस्यों ने सियाराम सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. रंजन कुमार राय ने कहा कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में बाबू सियाराम सिंह का योगदान अविस्मरणीय है. उनका जन्म पांच अक्तूबर 1905 को सुलतानगंज के तिलकपुर गांव में हुआ था. उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान अंग्रेजी हुकूमत की नींद उड़ा दी थी. अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में जगतराम साह कर्णपुरी ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान सियाराम बाबू 1930-32 के बीच कई बार जेल गये 1934 के विनाशकारी भूकंप में उन्होंने डॉ राजेंद्र प्रसाद और दीप नारायण सिंह के साथ मिलकर मुंगेर, समस्तीपुर सहित कई इलाकों में राहत कार्य किए. इस अवसर पर शिवम कुमार, चंदन कुमार, प्रेम कुमार सिंह, राजेश झा और संतोष कुमार ठाकुर आदि ने अपने विचार व्यक्त किए.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
