श्रावणी मेला के दौरान भी नहीं रुकेगी बच्चों की पढ़ाई, 13 स्कूलों के लिए शिक्षा विभाग की खास तैयारी

Shravani Mela 2026: श्रावणी मेला के दौरान भी बच्चों की पढ़ाई नहीं रुकेगी. शिक्षा विभाग ने 13 स्कूलों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था और विशेष निगरानी की योजना बनायी है.

सुलतानगंज, भागलपुर से शुभंकर की रिपोर्ट

Shravani Mela 2026: श्रावणी मेला के दौरान सुलतानगंज और आसपास के क्षेत्रों में कई विद्यालयों में पठन-पाठन प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए शिक्षा विभाग ने पहले से ही तैयारी शुरू कर दी है. जिला शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार शर्मा ने बुधवार को बीआरसी में आयोजित समीक्षा बैठक में स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में बच्चों की शिक्षा बाधित नहीं होने दी जाएगी.

Shravani Mela 2026: 13 विद्यालयों के लिए बनाई गई वैकल्पिक व्यवस्था

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि मेला गतिविधियों से प्रभावित होने वाले 13 विद्यालयों की पहचान कर ली गई है. जिन विद्यालयों में पढ़ाई प्रभावित होने की संभावना है, वहां के विद्यार्थियों और शिक्षकों को निकटवर्ती विद्यालयों से टैग कर नियमित कक्षाओं का संचालन कराया जाएगा.

साफ-सफाई और मरम्मत कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश

बैठक के दौरान सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया गया कि मेला शुरू होने से पहले विद्यालयों में साफ-सफाई, रंग-रोगन, शौचालयों की स्वच्छता, बेंच-डेस्क की मरम्मत और परिसर की सफाई हर हाल में पूरी कर ली जाए. विभाग ने स्पष्ट किया कि विद्यालयों की व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए.

ये भी पढ़े : भागलपुर समेत 5 जिलों के नए डिग्री कॉलेजों के लिए जल्द शुरू होगी पिंक बस सेवा

शिक्षा व्यवस्था पर रहेगी विशेष निगरानी

डीईओ ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान शिक्षा व्यवस्था और विद्यालयों की मूलभूत सुविधाओं पर लगातार निगरानी रखी जाएगी. इसके लिए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं.

जर्जर स्कूल भवन का किया निरीक्षण

समीक्षा बैठक के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय आजाद नगर पनसल्ला और मध्य विद्यालय पनसल्ला का निरीक्षण किया. इस दौरान आजाद नगर स्थित जर्जर विद्यालय भवन की स्थिति पर चिंता व्यक्त की गई.

नए भवन निर्माण की प्रक्रिया होगी तेज

डीईओ ने बताया कि बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम के अभियंताओं के साथ स्थल निरीक्षण कर भवन का प्राक्कलन तैयार कराया जा रहा है. इसे जल्द ही विभाग को भेजा जाएगा ताकि नए विद्यालय भवन के निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जा सके. बैठक में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी तनु कुमारी सहित बीआरसी के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे

ये भी पढ़े : श्रावणी मेला : कांवरियों को मिलेगी 24 घंटे बिजली, लगेंगे पांच नए ट्रांसफाॅर्मर, बढ़ेगा पावर लोड

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shubhanka Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >