सुलतानगंज (भागलपुर) से रिपोर्ट
Shravan Mela 2026 : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 शुरू होने में अब सिर्फ 14 दिन बचे हैं. दूसरी ओर सुलतानगंज से देवघर जाने वाले कच्चे कांवरिया पथ पर तैयारियों की रफ्तार सवालों के घेरे में है. प्रशासन ने 15 जुलाई तक सभी जरूरी काम पूरे करने की समयसीमा तय की थी, लेकिन प्रभात खबर की पड़ताल में कई स्थानों पर गड्ढे, कीचड़, जलजमाव और अधूरे कार्य सामने आए. इस बीच कांवरियों का आना भी शुरू हो चुका है, जिससे श्रद्धालुओं को शुरुआती दिनों में ही परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
दो किलोमीटर तक सफाई, आगे फिर गड्ढे और कीचड़
जांच के दौरान सुलतानगंज आरओबी से करीब दो किलोमीटर तक कांवरिया पथ पर सफाई और हल्का बालू छिड़काव दिखा. लेकिन कटपुलवा से आगे स्थिति पूरी तरह बदल जाती है. कई जगहों पर बालू के ढेर पड़े हैं, सफाई अधूरी है और असियाचक दुर्गा स्थान के नए पुल के पास सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं. कई हिस्सों में कीचड़ और जलजमाव के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है. डिवाइडरों का रंग-रोगन भी अब तक पूरा नहीं हो सका है.
स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल, बोले- सिर्फ दिखावे के लिए होता है काम
कांवरिया पथ के किनारे दुकान तैयार कर रहे स्थानीय लोगों का कहना है कि कांवरियों का आगमन शुरू हो चुका है, लेकिन अब तक सड़क की समुचित मरम्मत नहीं हुई है. उनका आरोप है कि अधिकारियों के निरीक्षण से पहले केवल औपचारिकता निभाने के लिए बालू का छिड़काव किया जाता है. वहीं पथ के किनारे अतिक्रमण भी कई स्थानों पर बना हुआ है, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित हो सकती है.
बिजली और पेयजल व्यवस्था में तेजी, शौचालयों की भी मरम्मत
बिजली विभाग के एसडीओ रंजीत कुमार ने बताया कि कच्चे कांवरिया पथ पर विद्युत व्यवस्था का काम अंतिम चरण में है और बेहतर गुणवत्ता वाली एलईडी लाइटें लगाई जा रही हैं. वहीं पीएचईडी की ओर से दो दर्जन से अधिक स्थानों पर नए बोरिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है. धांधीबेलारी क्षेत्र में 40 से अधिक शौचालयों की मरम्मत भी पूरी होने की जानकारी विभाग ने दी है.
Shravan Mela 2026 : आज पथ निर्माण मंत्री करेंगे निरीक्षण, तैयारियों की होगी समीक्षा
गुरुवार को बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र सुलतानगंज पहुंचकर श्रावणी मेला की तैयारियों का जायजा लेंगे. वे कच्चे कांवरिया पथ सहित प्रमुख सड़कों का निरीक्षण करेंगे और नगर परिषद कार्यालय में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे. इसके बाद विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में सड़क, पुल और लंबित परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा होगी.
उधर नगर परिषद प्रशासन का कहना है कि नमामि गंगे घाट, अजगैबीनाथ मंदिर परिसर और पूरे मेला क्षेत्र को तिरंगा थीम की लाइटिंग, थ्री-डी पेंटिंग, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण के साथ आकर्षक बनाया जा रहा है. अधिकारियों का दावा है कि श्रावणी मेला शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी. हालांकि जमीनी हालात बताते हैं कि अभी कई अहम काम समय पर पूरे होना बाकी हैं.
ये भी पढ़ें: 'मुझे वैभव सूर्यवंशी की नहीं...', इंग्लैंड के दिग्गज ने बताई भारतीय टीम की असली चुनौती
