Bhagalpur News: लोक अदालत में 10.80 करोड़ रुपये का सेटलमेंट, 2631 मामलों का हुआ निष्पादन

जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) के तत्वावधान में शनिवार को भागलपुर, कहलगांव और नवगछिया व्यवहार न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया.

– पक्षकारों के लिए लोक अदालत एक सुनहरा अवसर – अध्यक्ष

संवाददाता, भागलपुर

जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) के तत्वावधान में शनिवार को भागलपुर, कहलगांव और नवगछिया व्यवहार न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया. भागलपुर न्याय मंडल में कुल 2631 वादों का निष्पादन आपसी सुलह के आधार पर किया गया. लोक अदालत के माध्यम से कुल 10,80,04,157 रुपये का सेटलमेंट किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेश नारायण सेवक पांडेय, कुटुंब न्यायालय भागलपुर के प्रधान न्यायाधीश राजकुमार राजपूत, उपाध्यक्ष सह डीएम डॉ नवलकिशोर चौधरी, वरीय पुलिस अधीक्षक हृदयकांत, जिला विधिज्ञ संघ के सचिव अंजनी कुमार दुबे, जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव रंजीता कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने प्राधिकार की महत्ता के बारे में जानकारी दी तथा पक्षकारों को कहा कि यह बहुत सुनहरा अवसर है जिसमें पक्षकार अपने वाद को सहमति के आधार पर समाप्त कर सकते हैं.

जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत में निष्पादित वाद की कहीं अपील नहीं होती है. मालूम हो कि भागलपुर व्यवहार न्यायालय में कुल 17 बैंच की स्थापना की गयी थी जिसमें बैंक ऋण वसूली, बीमा, विद्युत बिल विवाद, मोटर दुर्घटना दावा वाद (एमएसीटी), चेक बाउंस (एनआई एक्ट), पारिवारिक विवाद, श्रम विवाद, भू-अर्जन वाद, डाकघर, बीएसएनएल, राजस्व वाद, आपराधिक वाद सहित अन्य मामलों की सुनवाई की गई.

प्रमुख निष्पादित मामलों का ब्यौरा

बैंक संबंधी 1097 मामलों का निष्पादन किया गया. कुल 5,63,45,926 रुपये की सुलह राशि. एमएसीटी में कुल 46 मामलों का निष्पादन किया गया और 4,57,90,000 रुपये की राशि सेटलमेंट की गयी. बिजली विभाग के 174 मामलों में का निष्पादन किया गया 55,18,481 रुपये का सेटलमेंट किया गया. बीएसएनएल के 32 मामलों में 71,667 रुपये का सेटलमेंट किया गया. एनआई एक्ट के एक मामले में 20,000 रुपये का सेटलमेंट किया गया. लोकअदालत में विविध मामले दिवानी, आपराधिक, राजस्व, भू अर्जन आदि का भी निष्पादन किया गया.

न्यायालय परिसर में वाटर प्यूरीफायर का उद्घाटन

राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर न्यायालय परिसर में वाटर प्यूरीफायर मशीन का भी उद्घाटन किया गया. इसका उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने किया. इस पहल से अधिवक्ताओं, वादकारियों और कर्मियों को स्वच्छ और ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सकेगा. उपस्थित अतिथियों ने कहा कि यह एक सार्थक पहल है, जिससे ग्रीष्म ऋतु में कोर्ट आने वाले लोगों को राहत मिलेगी. अधिवक्ताओं ने भी इस सुविधा के लिए प्राधिकार का आभार जताया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SANJIV KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >