Bihar News: गार्ड हत्याकांड में भागलपुर पुलिस के हाथ खाली, अपार्टमेंट गेट पर शव रखकर परिजनों का विरोध

भागलपुर के जोगसर थाना क्षेत्र में एक अपार्टमेंट में गार्ड समेत दो लोगों पर धारदार हथियार से हमला किया गया. गार्ड की मौत हो गई.गुरुवार को परिजनों ने प्रदर्शन किया.

भागलपुर के जोगसर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक अपार्टमेंट में बुधवार रात दो लोगों पर अज्ञात अपराधी ने धारदार हथियार से हमला कर दिया था. इसमें अपार्टमेंट के सिक्युरिटी गार्ड की मौत हो गई थी जबकि एक अन्य व्यक्ति गम्भीर हालत में अस्पताल में इलाजरत है. गुरुवार को मृतक के परिजनों ने शव के साथ अपार्टमेंट के सामने विरोध प्रदर्शन किया है.

जोगसर थाना क्षेत्र के चंडी प्रसाद लेन में अपराधियों ने श्रीनिकेतन अपार्टमेंट में उसके सिक्युरिटी गार्ड पुरुषोत्तम कुमार की हत्या कर दी. साथ में एक और व्यक्ति को गंभीर हालत में जख्मी पाया गया. वहीं बांका निवासी पुरुषोत्तम के शव को लेकर उनके परिजन अपने घर चले गए थे.लेकिन गुरुवार को वो वापस शव लेकर अपार्टमेंट यानी घटनास्थल पहुंचे और मुआवजे की मांग को लेकर शव के साथ गेट पर धरना प्रदर्शन किया.

दूसरी तरफ अभी तक पुलिस के हाथ इस पूरे मामले में खाली ही हैं.हत्यारा कौन है इसका पता चलना बाकी है.गुरुवार को भागलपुर के एसएसपी बाबूराम घटनास्थल पर पहुंचे और जायजा लिया. घटना वाले कमरे से कुछ रुपये, मोबाइल व साड़ी बरामद किया गया.मामले की जांच जारी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >