भागलपुर जिले के बरारी सीढ़ी घाट पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब गंगा नदी के तेज बहाव में एक व्यक्ति अचानक डूबने लगा. घाट पर मौजूद लोगों की सूचना पर तुरंत एक्शन में आई राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम ने त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर डूब रहे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. SDRF और स्थानीय गोताखोरों की समय पर की गई इस कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया.
गोराडीह का रहने वाला है बचाया गया व्यक्ति
गंगा नदी में डूब रहे व्यक्ति की पहचान गोराडीह निवासी मोहन कुमार के रूप में की गई है. घटना की जानकारी मिलते ही बरारी घाट पर तैनात एसडीआरएफ की टीम ने बिना समय गंवाए नदी में सर्च और रेस्क्यू अभियान शुरू किया. नदी में पानी का बहाव तेज होने के बावजूद जवानों ने बेहद सतर्कता और सूझबूझ से काम लिया.
गोताखोरों ने नदी में उतरकर चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
यह सफल रेस्क्यू अभियान SDRF कमांडर सह इंस्पेक्टर कुमार नीलू के कुशल निर्देशन में चलाया गया. अभियान के दौरान SDRF टीम के जवान इंद्रजीत और जगदीशपुर अंचल के साहसी गोताखोर अमरजीत ने उफनती नदी में छलांग लगाई और काफी मशक्कत के बाद डूब रहे मोहन कुमार को सुरक्षित बाहर खींच निकाला. पानी से बाहर निकाले जाने के बाद घाट पर मौजूद परिजनों और आम लोगों ने राहत की सांस ली.
प्रशासन ने की घाट पर सतर्कता बरतने की अपील
गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और तेज धारा को देखते हुए प्रशासन एवं SDRF टीम ने आम श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. अधिकारियों ने कहा कि नदी की गहराई और बहाव कई स्थानों पर काफी खतरनाक हो सकती है, इसलिए बिना सुरक्षा इंतजामों या बिना तैरना जाने गहरे पानी और खतरनाक घाटों की ओर न जाएं.
