Bhagalpur news सफाई कर्मियों की हड़ताल से सफाई व्यवस्था चरमरायी

एनजीओ के सफाई कर्मियों की हड़ताल से शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी है

सुलतानगंज नगर परिषद की ओर से सफाई कार्य कराये जा रहे एनजीओ के सफाई कर्मियों की हड़ताल से शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी है. नगर में नियमित साफ-सफाई नहीं होने से गंदगी का अंबार लगने लगा है, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. मंगलवार को नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने स्वच्छता मजदूरों के साथ लगभग चार घंटे तक बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं और काम पर लौटने के लिए समझाने का प्रयास किया. बैठक के बाद प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को उम्मीद थी कि बुधवार से सफाई कर्मी अपने कार्य पर लौट आयेंगे. हालांकि वार्ता के बावजूद सफाई कर्मी बुधवार को भी काम पर नहीं लौटे, जिससे नगर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो गयी है. नगर के विभिन्न इलाकों में कचरे का ढेर जमा हो गया है, जिससे दुर्गंध फैलने लगी है और संक्रमण का खतरा बढ़ गया है. नप के सभापति ने बताया कि मंगलवार को हुई वार्ता के बाद सफाई कर्मियों के काम पर लौटने की उम्मीद थी, लेकिन अब तक वह ड्यूटी पर नहीं आये हैं. नगर परिषद प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाये है.

नगर परिषद सभापति का सम्मान

सुलतानगंज आदर्श नगर प्राथमिक विद्यालय के प्रांगण में जयंत कुमार चौधरी की अध्यक्षता में वार्ड 18, 19 एवं 20 के नागरिकों ने नगर परिषद के सभापति राजकुमार गुड्डू को अंगवस्त्र एवं फूल-मालाओं से सम्मानित किया. सभापति को सहयोग देने वाले उपस्थित पार्षद राधा देवी, संजय कुमार चौधरी, नवीन कुमार बन्नी, सुभाष कुमार तथा पार्षद प्रतिनिधि बिहारी जी को अंगवस्त्र एवं फूल-मालाओं से सम्मानित किया. मुख्य अतिथि शंकर प्रसाद दास व मंच संचालन सुभाष पोद्दार ने किया.

स्वास्थ्य मंत्री के जन्मदिन पर मरीजों में फल-ब्रेड वितरित

बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे के जन्मदिन पर रेफरल अस्पताल परिसर में भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री सतीश कुमार के नेतृत्व में मरीजों में फल व ब्रेड का वितरण किया गया. सभी चिकित्सकों व कर्मचारियों को मिठाई खिलाकर स्वास्थ्य मंत्री के जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. कार्यक्रम में ओम दत्त चौधरी उपस्थित रहे. उन्होंने मंत्री के दीर्घायु की कामना की.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Jitendra tomar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >