सुलतानगंज नप कार्यालय में हुए गोली कांड मामले में पुलिस ने कुख्यात रामधनी यादव के पुत्र सन्नी कुमार, नारायणपुर के मटुकी कुमार को गिरफ्तार किया है. दोनों को हत्याकांड की साजिश करने और आर्म्स एक्ट के मामले में गिरफ्तार किया गया है. अब तक उक्त गोली कांड में पुलिस चार अपराधियों को गिरफ्तार कर चुकी है जबकि मुख्य आरोपित रामधनी यादव की मौत पुलिस एनकाउंटर में हो चुकी है. कांड में श्यामबाग के दीपक यादव, नवगछिया के करारी तीनटंगा के पिंकू कुमार को जेल भेजा जा चुका है. सभी अपराधियों से पुलिस ने सघन पूछताछ की है. नगर परिषद कार्यालय में गोली बारी में नप के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्णभूषण प्रसाद की मौत गयी थी जबकि नगर परिषद के सभापति राजकुमार गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गये हैं. उनका इलाज पटना में चल रहा है. हत्याकांड को लेकर इंस्पेक्टर मृत्युंजय कुमार के बयान पर केस दर्ज किया गया है जबकि एनकाउंटर की प्राथमिकी भी मृत्युंजय कुमार के बयान पर दर्ज की गयी है. सुलतानगंज थाना के थानाध्यक्ष प्रशिक्षु आईपीएस ने एनकाउंटर को ले कर दर्जप्राथमिकी में सिटी डीएसपी अजय कुमार चौधरी को अनुसंधान की जिम्मेदारी दी है. एनकाउंटर में तीन पुलिस कर्मी घायल हुए, जिनका इलाज चल रहा है.भागलपुर के एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया है कि इस घटना में संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न टीमों का गठन किया गया था. गठिन टीम ने घटना में संलिप्त अपराधियों रामधनी यादव, दीपक यादव, पिंकू कुमार को गिरफ्तार किया. इस घटना में प्रयुक्त हथियार के बारे में पूछा गया, तो रामधनी यादव ने बताया गया कि मेरे साथ चलिये मैं हथियार बरामद करवा दूंगा. टीम ने रामधनी यादव के साथ बताये गये स्थान के लिए प्रस्थान किया. एसएसपी ने बताया कि टीम जैसे ही अगुवानी पुल के समीप निर्माणाधीन सड़क के किनारे बगीचे के पास पहुंची, तो रामधनी यादव ने चिल्लाते हुए बोला कि गोली मारो-गोली मारो तभी वहां पूर्व से घात लगाये बैठे रामधनी यादव के गुर्गों ने पुलिस बल पर गोली चलाना प्रारंभ कर दी. मौके का फायदा उठाते हुए रामधनी यादव ने अपना पूर्व से छिपाये हथियार से पुलिस बल पर फायरिंग करना प्रारंभ कर दिया गया. पुलिस बल ने आत्म रक्षात्मक कार्रवाई की, जिसमें तीन पुलिस कर्मियों सहित रामधनी यादव गंभीर रूप से जख्मी हो गये. इलाज के दौरान रामधनी यादव की मृत्यु हो गयी तथा घायल तीनों पुलिसकर्मी इलाजरत हैं.
Bhagalpur news गोलीबारी कांड में रामधनी का पुत्र सन्नी सहित दो गिरफ्तार
सुलतानगंज नप कार्यालय में हुए गोली कांड मामले में पुलिस ने कुख्यात रामधनी यादव के पुत्र सन्नी कुमार, नारायणपुर के मटुकी कुमार को गिरफ्तार किया है.
