bhagalpur news.19 मई से पंचायतों में आयोजित होंगे सहयोग शिविर

जिलाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में शनिवार को हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया है कि आगामी 19 मई से जिले की पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन किया जायेगा.

जिला प्रशासन अब आम जनता के द्वार पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करेगा. जिलाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में शनिवार को हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया है कि आगामी 19 मई से जिले की पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन किया जायेगा. इन शिविरों में सिविल और पुलिस पदाधिकारी सीधे तौर पर जनता की शिकायतें सुनेंगे. शिविर की मुख्य विशेषताएं –जिलाधिकारी ने बैठक में स्पष्ट किया कि इन शिविरों का उद्देश्य लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने से बचाना है. –ग्रामीण अपनी समस्याएं शिविर की तारीख से पहले भी पंचायत सरकार भवन के कैंप में जमा कर सकते हैं. –प्रतिदिन शाम को इन शिकायतों को इकट्ठा कर उनके समाधान की प्रक्रिया शुरू की जायेगी. –इन शिविरों की सीधी निगरानी मुख्यमंत्री द्वारा की जायेगी. सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी पर दिया जोर बैठक के दौरान सुरक्षा मानकों को लेकर सख्त निर्देश दिये गये. जिलाधिकारी ने कहा कि सुरक्षा सबसे अहम है, इसलिए पंचायत से लेकर जिला स्तर तक के सभी सरकारी कार्यालयों की क्षतिग्रस्त बाउंड्री वॉल को दुरुस्त किया जायेगा. सभी कार्यालयों के गेट, स्टाफ रूम और पदाधिकारी कक्ष में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाये जायेंगे. प्रखंड स्तर पर सुरक्षा की जिम्मेदारी बीडीओ, सीओ और थाना प्रभारी की होगी. पर्यटन स्थलों का होगा कायाकल्प जिलाधिकारी ने जिले के पर्यटन स्थलों की स्थिति सुधारने के भी निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों पर सफाई, बेहतर रोशनी, सुगम सड़कें और सुरक्षा सुनिश्चित की जाये. इस कार्य में स्थानीय जनप्रतिनिधियों का सहयोग लेने की बात भी कही गयी. पुलिस प्रशासन को विशेष निर्देश वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने सुरक्षा संबंधी सुझाव दिये. थाना और ब्लॉक में तैनात गार्ड्स और रात्रि प्रहरियों की नियमित चेकिंग की जायेगी. कार्यालय परिसर में किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगायी जायेगी. नेशनल हाइवे के किनारे डायल 112 के नंबर प्रदर्शित किये जायेंगे, ताकि आपात स्थिति में लोग मदद ले सकें. बैठक में ये थे मौजूद बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था) राकेश रंजन, जिला शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार शर्मा सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे. नवगछिया पुलिस अधीक्षक और सभी बीडीओ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By NISHI RANJAN THAKUR

NISHI RANJAN THAKUR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >