सुलतानगंज : सुलतानगंज में पिछले दो-तीन दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश ने जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है. कभी फुहार तो कभी मूसलाधार बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में सड़क से लेकर गलियों और घरों के दरवाजे तक पानी जमा हो गया है. नालियां ओवरफ्लो होने से कई जगह सड़क और नाली का फर्क मिट गया है. इससे लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ है.
शाहाबाद में दर्जनों घरों तक पहुंचा पानी
सोमवार रात हुई तेज बारिश के बाद नगर परिषद के दक्षिणी क्षेत्र के कई मोहल्लों में जलजमाव की स्थिति बन गयी. वार्ड संख्या 24 के शाहाबाद इलाके में दर्जनों घरों में बारिश का पानी घुसने की बात सामने आयी है.
पार्षद प्रतिनिधि पप्पू झा ने बताया कि नगर परिषद कार्यालय को पहले ही समस्या की जानकारी दी गयी है, लेकिन अब तक पानी निकासी को लेकर ठोस समाधान नहीं हुआ है. ग्रामीणों के अनुसार जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण गांव की ओर जाने वाली सड़कों पर भी पानी जमा है.
नालियां उफनायीं, बाइक से निकलना भी मुश्किल
दक्षिणी क्षेत्र के कई वार्डों में नालियां ओवरफ्लो होने से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है. राहगीरों को पानी के बीच से रास्ता तलाशकर निकलना पड़ रहा है. बाइक सवारों को भी जलजमाव वाली सड़कों से गुजरने में परेशानी हो रही है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश शुरू होते ही नालियां उफनाने लगती हैं. उनका आरोप है कि यदि बरसात से पहले नालों की बेहतर सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था की जाती तो स्थिति इतनी खराब नहीं होती.
कचरे के ढेर ने बढ़ायी मुश्किल
बारिश के बीच सड़क किनारे जमा कचरे का समय पर उठाव नहीं होने से भी लोगों की परेशानी बढ़ी है. मेला क्षेत्र की ध्वजागली में कचरा जमा होने से पैदल आने-जाने वालों को परेशानी हुई.
श्रावणी मेला समाप्त होने के बाद नगर परिषद के कई मोहल्लों में सफाई व्यवस्था भी बदहाल नजर आ रही है. जगह-जगह कचरे का अंबार लगा है. कई स्थानों पर डस्टबिन गिरा पड़ा है और उसमें जमा कचरा सड़क पर फैल गया है. जैविक कचरा सड़ने से दुर्गंध भी फैल रही है.
स्थानीय लोगों ने नियमित कचरा उठाव के साथ ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव की भी मांग की है. बारिश का पानी कचरे के बीच से होकर गुजरने के कारण गंदगी सड़क तक फैल गयी है. हालांकि नगर परिषद की ओर से कचरा उठाव कराये जाने की बात कही गयी है.
मुख्य मार्ग पर भी जलजमाव
सुलतानगंज-शाहकुंड मुख्य मार्ग पर काली स्थान के समीप भी बारिश का पानी जमा हो गया. बारिश के कारण बाजारों में भी चहल-पहल कम रही और लोग जरूरी काम से ही घरों से बाहर निकले.
लगातार बारिश के बीच अब लोगों की नजर सिर्फ आसमान पर नहीं, बल्कि जलनिकासी व्यवस्था कब दुरुस्त होगी, इस पर भी टिकी है. शहरवासियों की मांग है कि जलजमाव वाले इलाकों में तत्काल पानी निकासी और सफाई की व्यवस्था की जाए, ताकि बारिश के बाद बीमारी और आवागमन की समस्या न बढ़े.
भागलपुर बाजार में सोना फिर चढ़ा, चीनी हुई नरम; आज किस चीज का भाव बदला?
