भागलपुर : भागलपुर रेलवे स्टेशन पर करीब छह महीने बाद एक बार फिर यात्रियों को रेल नीर उपलब्ध होने लगा है. स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक से छह तक स्थित खाद्य स्टॉल पर रेल नीर की बिक्री शुरू कर दी गयी है. सीलबंद एक लीटर रेल नीर की कीमत 14 रुपये निर्धारित है.
रेल नीर की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए मुख्य वाणिज्य निरीक्षक सुधांशु आर्या स्टॉलों की निगरानी कर रहे हैं. यह देखा जा रहा है कि यात्रियों द्वारा रेल नीर की मांग करने पर उन्हें निर्धारित कीमत पर पानी उपलब्ध कराया जा रहा है या नहीं. करीब छह महीने बाद स्टेशन पर रेल नीर की बिक्री शुरू होने से यात्रियों ने राहत की सांस ली है.
दूसरे बोतलबंद पानी पर अधिक कीमत वसूलने की शिकायत
इधर, स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक से छह तक स्थित खाद्य स्टॉलों पर रेल नीर के अलावा दूसरे बोतलबंद पानी की बिक्री को लेकर यात्रियों ने अधिक कीमत वसूलने की शिकायत की है. यात्रियों का आरोप है कि कुछ स्टॉल संचालक निर्धारित कीमत से एक से दो रुपये अधिक ले रहे हैं.
यात्रियों का कहना है कि कई बार इसकी शिकायत की गयी, लेकिन अब तक इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है. यात्रियों ने रेलवे अधिकारियों से खाद्य स्टॉलों की नियमित जांच कराने और निर्धारित दर से अधिक राशि वसूलने पर कार्रवाई की मांग की है.
