bhagalpur news. घर से बाजार तक रक्षा बंधन की तैयारी पूरी, आज भाई की कलाई पर बंधेगी स्नेह की डोर

भागलपुर में रक्षा बंधन की तैयारी पूरी.

-बारिश के बीच भी रक्षा बंधन बाजार में रही रौनक, बहनों का उत्साह नहीं हुआ कमभाई-बहन के स्नेह का त्योहार रक्षा बंधन को लेकर घर से लेकर बाजार तक तैयारी पूरी कर ली गयी है. शुक्रवार को सिल्क सिटी के बाजार में काफी चहल-पहल रही. राखी से लेकर गिफ्ट दुकान तक रौनक देखते ही बन रही थी. इतना ही नहीं दोपहर बाद हुई बारिश के बीच बहनें राखी खरीदने में मशगूल थीं और उनका उत्साह कम नहीं हो रहा था. सर्राफा बाजार खासकर सोनापट्टी से लेकर बड़े शोरूम में चांदी की राखी की धूम रही.

बच्चों को रंग-बिरंगी लाइट वाली राखियों के साथ-साथ कार्टून कैरेक्टर छोटा भीम और डोरेमोन वाली राखियां खूब भा रहा है, तो युवाओं को जड़कन, अमेरिकन डायमंड, नजराना, कपल को पेयर्स राखी खूब भायी. महिलाओं के लिए रक्षा बंधन में लुंबा राखी का प्रचलन बना रहा. इसमें लटकने वाला फूल आकर्षित कर रहा था. इसके अलावा छकलिया राखी का भी प्रचलन में रहा. राखी पैकिंग के लिए डिजाइनर पैक 20 से 100 रुपये तक बिक रहे थे. सर्राफा बाजार सोनापट्टी में चांदी की राखी की भी खूब डिमांड रही. ये राखी 500 से लेकर 5000 रुपये तक बिके. राखी दुकानदार प्रमोद कुमार ने बताया कि बच्चों के लिए टेडी वियर, बार्बी डॉल, स्पाइडर मेन, छोटा भीम, डोरेमोन, मिक्की माउस, कृष्णा राखी की मांग रही.

स्टोन व ब्रेसलेट राखी की बढ़ी रही डिमांड

राखी कारोबारी रितेश धर्मानी ने बताया कि इस बार भी स्टोन व ब्रेसलेट राखी की मांग कम नहीं हुई है. हालांकि इस बार पेयर सेट व नजराना राखी की धूम रही. स्टोन राखी 10 से 300 रुपये, बच्चों की राखी पांच से 75 रुपये, लाइट राखी 60 से 120, फैंसी राखी, 10 से 40 व ब्रेसलेट राखी 50 से 400 रुपये तक में उपलब्ध हैं. चांदी की राखियां 500 रुपये से 1000 रुपये तक में बिकी.

गिफ्ट में इंपोर्टेड चॉकलेट, परफ्यूम, आई फोन का क्रेज

बाजार में उपहार की खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ लग रही है. गिफ्ट दुकानों पर खासकर सेलिब्रेशन रक्षा बंधन चॉकलेट का क्रेज सर चढ़ कर बोल रहा था. इसके अलावा लोग अन्य ब्रांडेड चॉकलेट, आई फोन, परफ्यूम, खिलौने आदि की खरीदारी कर रहे थे.

मिठाई दुकानदारों की रही बल्ले-बल्ले

मिठाई दुकानों पर लोगों की खूब भीड़ उमड़ी. मिठाई कारोबारी बलराम झुनझुनवाला ने बताया कि सोनपापड़ी, काजू पान, काजू गुजिया, केशरिया पेड़ा, राजस्थानी पेड़ा, गाजा, बालू शाही, नारियल बरफी, कलाकंद, काजू बरफी, पिस्ता बरफी एवं विभिन्न तरह के लड्डू की जम कर बिक्री हुई. वहीं आदमपुर चौक के मिठाई दुकानदार नंदकिशोर साह ने बताया कि लड्डू, छेना, रसकदम आदि की खूब बिक्री हुई.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KALI KINKER MISHRA

KALI KINKER MISHRA is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >