कहलगांव प्रखंड के मध्य विद्यालय बरैनी में शुक्रवार को एनजीओ द्वारा आपूर्ति की जाने वाली मध्याह्न भोजन में बड़ी लापरवाही सामने आई है. एनजीओ के द्वारा तैयार की गई सब्जी में हरा रंग के कपड़े के टुकड़े मिलने से स्कूल में सनसनी फैल गई थी. कपड़ा से कीटनाशक दवा जैसी गंध आ रही थी. सब्जी में हरा कपड़ा मिलने और उससे आ रही दुर्गंध को देखते हुए शिक्षकों ने तत्काल बच्चों को भोजन करने से रोक दिया. इससे संभावित बड़ी घटना टल गई. विद्यालय के प्रधानाध्यापक अभिलाष मंडल ने बताया कि सुबह साढ़े नौ बजे के करीब मध्याह्न भोजन विद्यालय आया था. शिक्षक के द्वारा भोजन का स्वाद चखने के बाद बच्चों के बीच स्कूल के रसोइया द्वारा भोजन परोसा जा रहा था. इसी बीच चने की सब्जी में कपड़े का टुकड़ा निकलने पर सभी चकित रह गए. कपड़े से कीटनाशक दवा जैसा दुर्गंध आ रहा था. तत्काल बच्चों को भोजन करने से रोक दिया गया. सूचना तत्काल एमडीएम प्रभारी को दी गई. ई शिक्षा कोष में भी शिकायत दर्ज की गयी. बच्चे बिना भोजन के रह गए. एनजीओ कहलगांव प्रखंड में एमडीएम प्रभारी फैसल उस्मानी ने कहा कि खाना को शुद्ध तरीके से साफ सुथरा कर बनाया जाता है. खाना में कैसे कपड़ा चला गया सीसीटीवी में देख जांच की जा रही है. उपमुखिया मंगल यादव, वार्ड सदस्य अमल कुमार ने एमडीएम की नियमित निगरानी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो. प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अमित राज ने बताया कि खाना का सैंपल के रूप में रखा गया है. जिसकी जांच कराई जाएगी और कार्यवाही की जाएगी.
bhagalpur news. मध्य विद्यालय बरैनी में एमडीएम की सब्जी में मिला कपड़े का टुकड़ा
कहलगांव प्रखंड के मध्य विद्यालय बरैनी में शुक्रवार को एनजीओ द्वारा आपूर्ति की जाने वाली मध्याह्न भोजन में बड़ी लापरवाही सामने आई है
