Bhagalpur News. दिन में लोडिंग-अनलोडिंग कर रहे वाहनों पर कोई कार्रवाई नहीं, नि:शुल्क पार्किंग भी नहीं बनी

सड़क पर लोडिंग अनलोडिंग करने वालों पर एक्शन नहीं.

हवा हवाई साबित हो रहा नगर निगम का दावा, 14 फरवरी की घोषणाओं के मायने नहीं

शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने और जाम की समस्या खत्म करने को लेकर नगर निगम प्रशासन के दावे अब तक जमीन पर उतरते नहीं दिख रहे हैं. 14 फरवरी को निगम की ओर से सख्ती का एलान किया गया था, लेकिन एक महीने से अधिक समय गुजर जाने के बावजूद कार्रवाई का कोई ठोस परिणाम नजर नहीं आया है. दिन के समय सड़क किनारे खड़े होकर लोडिंग-अनलोडिंग करने वाले वाहनों पर जुर्माना लगाने की बात कही गयी थी, पर अब तक एक भी वाहन कार्रवाई की जद में नहीं आया है. इससे साफ है कि निगम की सख्ती हवा हवाई ही थी.

प्रमुख सड़कों पर जारी है मनमानी

पटल बाबू रोड, सूजागंज रोड सहित कई व्यस्त इलाकों में दिन के समय भी वाहन खड़े कर लोडिंग-अनलोडिंग का काम जारी है. इससे न केवल यातायात प्रभावित हो रहा है, बल्कि जाम की समस्या भी लगातार बढ़ती जा रही है. निगम ने 500 से 5000 रुपये तक जुर्माना वसूलने की चेतावनी दी थी, लेकिन इसका कोई असर धरातल पर दिखाई नहीं दे रहा है.

वाहन फ्री जोन और पार्किंग योजना भी अधर में

नगर निगम ने बाजार क्षेत्र को वाहन फ्री जोन बनाने और इसके लिए नि:शुल्क पार्किंग की व्यवस्था करने का दावा भी किया था. इसके लिए कोई स्थान चिह्नित नहीं किया जा सका है. वहीं फरवरी में कुछ दिनों तक सड़क किनारे अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान चलाया गया, लेकिन मार्च आते-आते यह पूरी तरह ठंडे बस्ते में चला गया है.

जाम से राहत की बजाय बढ़ी परेशानी

नगर आयुक्त ने पहले कहा था कि नियमों का सख्ती से पालन कराया जायेगा और कार्रवाई केवल दोपहिया-चारपहिया तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि ठेला और रिक्शा पर भी लागू होगी. साथ ही लोगों से सहयोग की अपील भी की गयी थी. बावजूद इसके शहर की स्थिति सुधरने के बजाय और खराब होती नजर आ रही है. रोजाना लगने वाले जाम से लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है और निगम के दावे अब सवालों के घेरे में हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Kali kinker mishra

काली किंकर मिश्रा प्रिंट माध्यम में 25 वर्षों से अधिक समय से व डिजिटल माध्यम में पिछले पांच वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. अमर उजाला, दैनिक जागरण के बाद फिलहाल प्रभात खबर भागलपुर कार्यालय में कार्यरत हैं. दिल्ली, पंजाब, झारखंड में पत्रकारिता कर चुके हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >