bhagalpur news. प्रेम विवाह का विरोध बना जानलेवा, नवविवाहित प्रेमी युगल ने खाया कीटनाशक
कहलगांव थाना क्षेत्र के शिवकुमारी पहाड़ मोहल्ले में शुक्रवार को प्रेम विवाह का विरोध एक दर्दनाक घटना में बदल गया. परिजनों की नाराजगी और लगातार हो रहे विरोध से आहत एक नवविवाहित प्रेमी युगल ने कथित रूप से कीटनाशक पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास कर लिया. दोनों की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने अनुमंडलीय अस्पताल कहलगांव में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर स्थित मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया. जानकारी के अनुसार अमडंडा थाना क्षेत्र के अदलपुर निवासी सुभाष सिंह के 20 वर्षीय पुत्र लक्ष्मीकांत कुमार का प्रेम संबंध बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र अंतर्गत जबरा गांव निवासी कुलदीप मंडल की 18 वर्षीय पुत्री अमृता कुमारी से था. बताया जाता है कि अमृता अपने नाना नित्यानंद सिंह के घर अदलपुर में रह रही थी. इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हुआ और बाद में दोनों ने मंदिर में प्रेम विवाह कर लिया. सूत्रों के अनुसार, इस विवाह से दोनों के परिजन नाराज थे और लगातार इसका विरोध कर रहे थे. पारिवारिक तनाव और विरोध से मानसिक रूप से परेशान होकर शुक्रवार को दोनों ने कथित रूप से कीटनाशक पदार्थ का सेवन कर लिया. मामले की जानकारी मिलने पर अमडंडा थानाध्यक्ष विशाल कुमार ने दोनों पक्षों के परिजनों से पूछताछ की. लक्ष्मीकांत के दादा ने बताया कि घटना कहलगांव के शिवकुमारी पहाड़ स्थित घर में हुई, जहां उनके पुत्र सपरिवार रहते हैं. इधर, मरीजों को मायागंज ले जाने के दौरान एंबुलेंस को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. कहलगांव के हाट रोड से गांगुली पार्क चौक तक लगे भीषण जाम में एंबुलेंस करीब एक घंटे तक फंसी रही. मरीजों की गंभीर हालत को देखते हुए मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद जाम हटवाकर एंबुलेंस को बाहर निकलवाया.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.