Navgachia Smack Smuggling Case : पुलिस जिला नवगछिया ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 581 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 72 लाख रुपये बताई जा रही है. पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि तेतरी जीरोमाइल के पास स्मैक की बड़ी खेप पहुंचने वाली है. सूचना मिलते ही विशेष टीम का गठन किया गया और सोमवार तड़के इलाके में निगरानी शुरू कर दी गई.
तेतरी दुर्गा मंदिर रोड पर पकड़े गए तस्कर
पुलिस टीम ने करीब 2:40 बजे तेतरी दुर्गा मंदिर जाने वाली मुख्य सड़क पर संदिग्ध अवस्था में खड़े दो लोगों को देखा. तलाशी लेने पर उनके पास से भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई. पुलिस के अनुसार प्रदीप कुमार उर्फ छोटू कुमार के पास से 80 ग्राम और रमेश कुमार के पास से 501 ग्राम स्मैक मिली. दोनों के पास से कुल 581 ग्राम स्मैक जब्त की गई.
कटिहार से स्मैक लाने की बात स्वीकार की
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान खरीख बाजार निवासी प्रदीप कुमार उर्फ छोटू कुमार, पिता विंदेश्वरी मोदी और रमेश कुमार, पिता गोपाल साह के रूप में हुई है. पुलिस पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे कटिहार से स्मैक लेकर आए थे. पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी कर रही है.
मामला दर्ज, तस्करी नेटवर्क की जांच तेज
इस मामले में नवगछिया थाना कांड संख्या 295/26 दर्ज किया गया है. पुलिस ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े सभी संपर्कों की जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपितों पर भी कार्रवाई की जाएगी.
दो महीने में 14 तस्कर गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार पिछले दो महीनों में विशेष अभियान के तहत कुल 1308.88 ग्राम स्मैक बरामद की गई है, जबकि 14 तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है. मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) लगातार अभियान चला रही है.
स्मैक के साथ मोबाइल और नकदी भी बरामद
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 581 ग्राम स्मैक के अलावा दो मोबाइल फोन और 400 रुपये नकद भी बरामद किए हैं. पुलिस ने बताया कि जब्त सामान को जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है.
मादक पदार्थों की सूचना देने की अपील
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री या भंडारण की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना टोल फ्री हेल्पलाइन 1933 या मानस पोर्टल के माध्यम से दें. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.
