बिहार प्रोविंशियल बैंक इंप्लाइज एसोसिएशन की भागलपुर जिला कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को बैंक ऑफ बड़ौदा परिसर में आयोजित की गयी. बैठक में यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर 27 जनवरी को प्रस्तावित देशव्यापी बैंक हड़ताल को सफल बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गयी और रणनीति तय की गयी. बैठक में बताया गया कि हड़ताल का प्रमुख और एकमात्र मुद्दा बैंकिंग उद्योग में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह को लागू कराना है. वक्ताओं ने कहा कि इंडियन बैंक एसोसिएशन की सहमति और वित्तीय सेवा विभाग (डीएफएस) के आश्वासन के बावजूद अब तक बैंकों में पांच दिवसीय सप्ताह लागू नहीं किया गया है, जबकि देश के कई अन्य वित्तीय संस्थानों में यह व्यवस्था पहले से लागू है. इस मुद्दे को लेकर बैंक कर्मचारियों में भारी नाराजगी है. जिसके विरोध में 27 जनवरी को सभी बैंक कर्मचारी राष्ट्रव्यापी हड़ताल में शामिल होंगे. चेतावनी दी कि यदि इसके बाद भी मांगों पर सकारात्मक फैसला नहीं लेती है, तो आंदोलन को और तेज किया जायेगा. बैठक की अध्यक्षता एपी सिंह ने की. मौके पर संयुक्त महासचिव कृष्ण कुमार और महासचिव अरविंद कुमार रामा ने कर्मचारियों को संबोधित किया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
