bhagalpur news. जमीन खरीद-बिक्री के दौरान विवाद के बाद हत्या, बरारी पुल घाट के पास मिला शव

जमीन खरीद-बिक्री के दौरान हुए लेन देने के विवाद में अपराधियों ने नाथनगर थाना क्षेत्र के देवी मंडल लेन नियामतपुर निवासी रफ्फू मास्टर किशोर कुमार (45) की हत्या कर शव गंगा नदी में फेंक दिया है.

जमीन खरीद-बिक्री के दौरान हुए लेन देने के विवाद में अपराधियों ने नाथनगर थाना क्षेत्र के देवी मंडल लेन नियामतपुर निवासी रफ्फू मास्टर किशोर कुमार (45) की हत्या कर शव गंगा नदी में फेंक दिया है. सोमवार दोपहर बाद शव को बरारी थाना क्षेत्र के पुल घाट के पास गंगा नदी से बरामद किया गया है. जानकारी मिली है कि किशोर कुमार रविवार दोपहर बाद 3.30 बजे शाम से लापता था. पत्नी निधि कुमारी ने नाथनगर थाने में आवेदन दे कर पुलिस से कार्रवाई करने की मांग की थी. दोपहर के समय बरारी पुल घाट पर स्थानीय लोगों ने नदी के किनारे शव देखा तो मामले की सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची बरारी थाना पुलिस ने शव का बाहर निकाल कर शिनाख्त करने का प्रयास किया. सोशल मीडिया के माध्यम से मृतक की तस्वीर को वायरल किया गया, जिसके बाद परिजनों का सूचना मिली और शव का शिनाख्त किया गया. शव को देखते ही पहली नजर में ही पुलिस को लग गया था कि उक्त व्यक्ति की हत्या कर शव को फेंक दिया गया है. वह काला लोअर और लाल-नीले रंग की हाफ टी-शर्ट पहने हुए था. उसके चेहरे पर दाढ़ी थी और रंग सांवला बताया गया है. मृतक का चश्मा उसकी टी-शर्ट में खोसा हुआ मिला है. आशंका है कि किशोर की हत्या गला दबा कर की गयी है और शव को छिपाने के उद्देश्य से अपराधियों ने उसे गंगा नदी में फेंक दिया गया. अपनी ही जमीन का सौदा करना पड़ा महंगा जानकारी मिली है कि किशोर ने कहलगांव स्थित अपनी जमीन का सौदा कहलगांव के पदमपुर कलगीगंज के भोला दास और शिवम कुमार गुप्ता के साथ किया था. किशोर ने दोनों के साथ जमीन का एग्रीमेंट किया था. दोनों खरीदारों की तरफ से पहला चेक दो लाख रुपये का दिया गया था. इस चेक से पैसे की निकासी हो गयी थी. इसके बाद किशोर को दूसरा चेक तीन लाख रुपये का दिया गया था, जो बाउंस कर गया था. पत्नी निधि कुमारी का कहना है कि करीब 13 लाख रुपये जमीन का मूल्य तय हुआ था. दूसरा चेक बाउंस हो जाने के बाद किशोर और दोनों आरोपितों के बीच विवाद होने लगा था. करीब दो माह से दोनों फोन पर बहस करते थे. पत्नी ने बताया कि किशोर को दोनों आरोपित अकेले रकम लेने के लिए कहलगांव बुला रहे थे. जबकि किशोर कहते थे कि वह अपनी पत्नी के साथ आयेगा. लेकिन दोनों कहते थे कि नहीं आप यहां अकेले आये. रविवार को दोनों के बुलाने पर ही किशोर घर से निकले थे, फिर वापस नहीं लौटे. पत्नी निधि कुमारी ने बताया कि किशोर ने करीब 12 वर्ष पहले उक्त जमीन की खरीदारी की थी. किशोर का मकसद था कि कुछ दिन बीतने के बाद वह जमीन की अधिक कीमत पर बिक्री करेगा. इधर किशोर की मृत्यु हो जाने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया. जानकारी मिली है कि नाथनगर के मशकन बाजार में एक दुकान पर किशोर रफ्फू मास्टर का काम करता था. अपने अपने दो छोटे छोटे पुत्रों और पत्नी को बेसहरा छोड़ गया है. शव की शिनाख्त कर ली गयी है. जमीन खरीद-बिक्री में रकम लेन देने को लेकर हुए विवाद में हत्या की बात सामने आ रही है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. जल्द ही सच्चाई सामने होगी और हत्यारे गिरफ्तार होंगे. राकेश कुमार, डीएसपी टू, भागलपुर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By NISHI RANJAN THAKUR

NISHI RANJAN THAKUR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >