Bhagalpur news दिनदहाड़े गोलियों की गूंज से दहला नगर परिषद
दिनदहाड़े गोलियों की गूंज से दहला नगर परिषद
नगर परिषद सुलतानगंज अक्सर किसी न किसी वजह से सुर्खियों में रहा है, लेकिन मंगलवार की भयावह घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया. जिस तरह अपराधियों ने दिनदहाड़े कार्यालय में घुस कर ताबड़तोड़ गोलियां चलायीं, उससे शहर में सदमा और भय का माहौल कायम हो गया है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब चार बजे नगर परिषद कार्यालय में सामान्य रूप से कार्य चल रहा था. कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार और सभापति राजकुमार गुड्डू अपने चेंबर में बैठ कर जरूरी कार्यों का निबटारा कर रहे थे, जबकि अन्य कर्मचारी भी अपने-अपने कार्य में लगे थे. इस बीच अचानक गोलियों की आवाज गूंजने लगी. शुरुआत में कुछ कर्मियों को लगा कि शायद तेज हवा से गेट बंद होने की आवाज है, लेकिन कुछ ही क्षणों में लगातार फायरिंग की आवाज से माहौल दहशत में बदल गया. जान बचाने के लिए कर्मचारी जहां थे, वहीं छिप गये. कई ने अपने-अपने कमरों के दरवाजे अंदर से बंद कर लिये. गोलियों की आवाज से पूरा कार्यालय कांप उठा. जब फायरिंग थमी और कर्मचारी बाहर निकले तो जो मंजर सामने था, उसे देख कई लोग सदमे में बेहोश हो गये. कुछ साहसी कर्मचारियों ने तत्काल घायलों को संभाला. सभापति राजकुमार गुड्डू को पास के रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि कार्यपालक पदाधिकारी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. इस बीच कुछ कर्मचारियों ने पुलिस को घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल परिसर देखते ही देखते पुलिस छावनी में तब्दील हो गया. घटना के बाद कई कर्मचारी गहरे सदमे में हैं. कुछ बोलने की स्थिति में नहीं हैं, तो कुछ अब भी घटना के खौफ से उबर नहीं पाये हैं. यह घटना न केवल नगर परिषद बल्कि पूरे शहर के लिए एक बड़ी त्रासदी बन गयी है.