Bihar Crime News: बिहार के भागलपुर जिले के सुल्तानगंज में मंगलवार दोपहर अपराधियों ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया. बाइक सवार बदमाश नगर परिषद कार्यालय में घुस गए और वहां मौजूद अधिकारियों पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं. इस हमले में कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) कृष्ण भूषण कुमार और सभापति राजकुमार गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए.
इलाज के दौरान ईओ की मौत
घटना के बाद दोनों घायलों को तुरंत सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी हालत गंभीर देखते हुए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर किया गया. हालांकि, रास्ते में ही ईओ कृष्ण भूषण कुमार की मौत हो गई. वहीं, सभापति राजकुमार गुड्डू का इलाज मायागंज अस्पताल में चल रहा है. डॉक्टरों के अनुसार, उनके सिर में गोली लगी है और स्थिति नाजुक बनी हुई है.
सभापति को मारी गई कई गोलियां
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने सभापति को निशाना बनाते हुए कई राउंड फायरिंग की. बताया जा रहा है कि उन्हें करीब पांच गोलियां लगी हैं. नगर परिषद कार्यालय परिसर में आठ से अधिक राउंड फायरिंग के सबूत मिले हैं, जिससे घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है.
इलाके में दहशत, दफ्तर बना छावनी
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई. सूचना मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और नगर परिषद कार्यालय को सील कर दिया गया. सुरक्षा के मद्देनजर परिसर में किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है. एसएसपी, सिटी एसपी और अन्य अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं.
सीसीटीवी फुटेज और गवाहों से जांच
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर सवार तीन अपराधी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए. घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया गया है.
कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
दिनदहाड़े हुई इस घटना ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. अपराधियों ने खुलेआम पुलिस को चुनौती दी है. अंग क्षेत्र में हुई इस वारदात से पूरे राज्य में दहशत का माहौल है.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा. वारदात के पीछे के कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा.
(सुलतानगंज से शुभांकर की रिपोर्ट)
