Bhagalpur : सड़क हादसे में घायल मुंगेर के युवक की इलाज के दौरान हो गयी मौत

भागलपुर-सुलतानगंज मुख्य मार्ग पर अकबरनगर के समीप रविवार शाम को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय छात्र अंश राज कुमार घायल हो गया था. सोमवार को इलाज के दौरान उसकी जान चली गयी.

Bhagalpur News भागलपुर ऋषव मिश्रा कृष्णा की रिपोर्ट :

भागलपुर-सुलतानगंज मुख्य मार्ग पर अकबरनगर के समीप रविवार शाम को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय छात्र अंश राज कुमार घायल हो गया था. सोमवार को इलाज के दौरान उसकी जान चली गयी. मृतक मुंगेर जिले के हरपुर गांव का निवासी था. इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है.

कैसे हुआ हादसा ?

जानकारी के अनुसार, अंश राज कुमार रविवार को अपने मामा संतोष कुमार के साथ वाहन की सर्विसिंग कराने भागलपुर आया था. शाम करीब साढ़े छह बजे जब दोनों वापस लौट रहे थे, तभी अकबरनगर के पास मामा संतोष कुमार सड़क किनारे रुके. अंश वाहन के पास ही खड़ा था, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया.

इलाज के दौरान तोड़ा दम

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल अंश को सुलतानगंज अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जेएलएनएमसीएच (मायागंज अस्पताल), भागलपुर रेफर कर दिया. वहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सोमवार को बरारी थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है.

सपनों पर फिरा पानी

अंश राज कुमार होनहार छात्र था. उसने हाल ही में खगड़पुर से आईटीआई की पढ़ाई पूरी की थी और अब स्नातक (बीए) में नामांकन कराकर आगे की पढ़ाई की तैयारी में जुटा था. वह अपने पिता अजय कुमार यादव के दो बेटों में से एक था. उसके पिता खेती और ड्राइविंग कर परिवार का गुजर-बसर करते हैं. अंश अपनी पढ़ाई के साथ-साथ पारिवारिक जिम्मेदारियों के प्रति भी काफी गंभीर था.

गांव में शोक की लहर

अंश की असामयिक मृत्यु की खबर मिलते ही हरपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गयी है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान कर चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाये.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SANJEEV KUMAR JHA

SANJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >