Mathurapur Block Demand : कहलगांव प्रखंड के मथुरापुर को अलग प्रखंड का दर्जा दिलाने की मांग अब तेज होती जा रही है. इसी कड़ी में मथुरापुर प्रखंड निर्माण समिति ने सोमवार से हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की. शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन के समीप हस्ताक्षर काउंटर लगाकर लोगों से इस जनआंदोलन का हिस्सा बनने और अधिक से अधिक संख्या में समर्थन देने की अपील की गई.
लोगों से समर्थन जुटाने की पहल
समिति के सदस्यों ने बताया कि हस्ताक्षर अभियान का उद्देश्य क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों को इस मांग से जोड़ना है. ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और युवाओं से एकजुट होकर अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया गया, ताकि सरकार तक क्षेत्र की मांग प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा सके.
प्रखंड बनने से विकास को मिलेगी रफ्तार
समिति का कहना है कि मथुरापुर को अलग प्रखंड का दर्जा मिलने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी. लोगों को सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर आसानी से मिलेगा. इसके अलावा बेहतर सड़क, आधारभूत संरचना, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ रोजगार और व्यापार के नए अवसर भी विकसित होंगे.
सरकार को सौंपा जाएगा मांगपत्र
समिति के अनुसार हस्ताक्षर अभियान के जरिए बड़ी संख्या में लोगों का समर्थन जुटाकर राज्य सरकार को मांगपत्र सौंपा जाएगा. उनका कहना है कि यह क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग है और अब इसे पूरा कराने के लिए संगठित प्रयास किए जा रहे हैं.
जनआंदोलन को मजबूत बनाने की अपील
हस्ताक्षर अभियान के दौरान समिति के सक्रिय सदस्य सोनू आनंद, युगल तांती, शिवचंदन साह, अमित तांती, योगेश साह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे. सभी ने लोगों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और मथुरापुर को अलग प्रखंड बनाने की मांग को मजबूत करने की अपील की.
