bhagalpur news. विश्व बैंक टीम के साथ शहर के विकास की बड़ी प्लानिंग, भैरवा तालाब और रिवर फ्रंट पर रहा विशेष फोकस

शहर के समग्र विकास और चल रही परियोजनाओं की प्रगति को लेकर बुधवार को स्मार्ट सिटी कार्यालय सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी.

शहर के समग्र विकास और चल रही परियोजनाओं की प्रगति को लेकर बुधवार को स्मार्ट सिटी कार्यालय सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता महापौर डॉ वसुंधरा लाल ने की, जिसमें इटली और जापान से आये विश्व बैंक के अधिकारियों की उच्चस्तरीय टीम शामिल हुई. बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर में जारी विकास कार्यों की समीक्षा करना और आगामी योजनाओं के लिए रणनीति तय करना रहा. बैठक के दौरान मेयर ने विश्व बैंक की टीम को भागलपुर की ऐतिहासिक और पौराणिक विरासत से अवगत कराया. उन्होंने कहा कि शहर की सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए आधुनिक विकास को आगे बढ़ाया जायेगा. इस क्रम में अंडरग्राउंड वायरिंग के जरिये बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने, सभी वार्डों में मॉडल स्कूल स्थापित करने, पांच स्थानों पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने और औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने जैसे प्रस्ताव रखे गये. बैठक में मेयर ने उम्मीद जतायी कि विश्व बैंक के सहयोग से भागलपुर आने वाले समय में आधुनिक और विकसित शहर के रूप में उभरेगा. बैठक में नगर निगम और संबंधित विभागों के वरीय अधिकारी मौजूद रहे. भैरवा तालाब कायाकल्प परियोजना के शेष कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश बैठक में भैरवा तालाब कायाकल्प परियोजना के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गयी. मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शेष कार्यों को जल्द पूरा किया जाये. इस परियोजना के तहत तालाब क्षेत्र में कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं. इनमें 750 मीटर ट्रैक वाली टॉय ट्रेन, वॉटर अम्यूजमेंट पार्क और वॉटर स्पोर्ट्स शामिल हैं. इसके अलावा 100 मीटर लंबा ग्लास ओवरब्रिज, वॉटर सबमर्सिड एक्वेरियम और वॉटर कर्टेन शो जैसे आकर्षण भी विकसित किये जा रहे हैं. तालाब के चारों ओर बाउंड्री वॉल, पार्किंग व्यवस्था, नये घाटों का निर्माण और लाइटिंग ऑटोमेशन पर भी काम चल रहा है. साथ ही स्वाइल माउंट रेस्टोरेंट, ओपन कैफे, लैंडस्केपिंग और सीसीटीवी सुरक्षा जैसी सुविधाएं भी विकसित की जा रही है. निरीक्षण कर दिये आवश्यक निर्देश बैठक के बाद मेयर ने नगर आयुक्त, विश्व बैंक की टीम, नगर प्रबंधक और उप नगर आयुक्त के साथ भैरवा तालाब का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने प्रस्तावित कार्यों और शेष विकास योजनाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. बॉक्स मैटर विश्व बैंक टीम ने बरारी रिवर फ्रंट का किया निरीक्षण शहर में चल रही परियोजनाओं की प्रगति का आकलन करने के उद्देश्य से विश्व बैंक की पांच सदस्यीय टीम ने बरारी स्थित रिवर फ्रंट का निरीक्षण किया. इस दौरान उप नगर आयुक्त राजेश पासवान, सिटी मैनेजर विनय यादव और असगर अली के साथ नगर निगम और स्मार्ट सिटी के कई अधिकारी मौजूद रहे. टीम ने रिवर फ्रंट पहुंचकर सबसे पहले परियोजना से जुड़ी तकनीकी जानकारियां ली. इसके बाद करीब 650 मीटर लंबे क्षेत्र का पैदल निरीक्षण कर कार्यों की जमीनी स्थिति को समझा. निरीक्षण के क्रम में टीम ने रिवर फ्रंट को और अधिक आकर्षक और उपयोगी बनाने को लेकर कई सुझाव दिये. टीम ने कहा कि लोगों को तेज धूप से राहत देने के लिए पूरे परिसर में बड़े और छायादार पेड़ लगाये जाने चाहिए, जिनका धार्मिक और औषधीय महत्व भी हो. इसके अलावा राजस्व बढ़ाने और लोगों के मनोरंजन के लिए कियोस्क और एम्यूजमेंट से जुड़े संसाधन विकसित करने का सुझाव दिया गया. घाटों तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त मार्ग विकसित करने की बात भी कही गयी. निरीक्षण के दौरान विश्व बैंक के प्रतिनिधियों ने शहर में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की. उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक महत्व वाले भागलपुर में पिछले कुछ वर्षों में किये गये प्रयासों से स्थिति में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है. इस मौके पर टीम ने रिवर फ्रंट के साथ-साथ निर्माणाधीन करीब 60 किलोमीटर लंबे गंगा पथ परियोजना की भी जानकारी ली. इसे भविष्य की दृष्टि से महत्वपूर्ण परियोजना बताया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By NISHI RANJAN THAKUR

NISHI RANJAN THAKUR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >