भागलपुर से ब्रजेश माधुर्य की रिपोर्ट Bhagalpur News : भागलपुर परिसदन में मंगलवार को बिहार राज्य महिला आयोग का महिला आयोग आपके द्वार कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लंबित मामलों की सुनवाई की गयी. इस दौरान आयोग की दो सदस्य शीला टुड्डू और साधना देवी तथा अध्यक्ष अप्सरा मिश्रा मौजूद रही. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लंबित मामलों का त्वरित निपटारा करना और पीड़ित महिलाओं को राहत दिलाना रहा.
लंबित मामलों की हुई समीक्षा
आयोग की अध्यक्ष अप्सरा मिश्रा ने बताया कि विभिन्न जिलों से आये पुराने मामलों की फाइनल सूची की समीक्षा की गयी है. कई मामलों में अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं और शिकायतकर्ताओं की वर्तमान स्थिति बेहतर हो गयी है.
पुराने केसों में बदली स्थिति
उन्होंने एक मामले का उदाहरण देते हुए बताया कि एक महिला ने करीब पांच साल पहले शिकायत दर्ज करायी थी, लेकिन अब वह अपनी बच्ची के साथ सामान्य जीवन जी रही है और किसी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहती है. ऐसे मामलों में आपसी सहमति के आधार पर निपटारा किया जा रहा है.
600 मामलों की सुनवाई, निपटारे पर जोर
अध्यक्ष ने बताया कि शिविर में लगभग 600 मामलों की सुनवाई की जा रही है. आयोग का लक्ष्य अधिक से अधिक मामलों का निपटारा करना है ताकि लोगों को लंबी कानूनी प्रक्रिया से राहत मिल सके.
पिछले वर्ष से लगातार चल रहा कैंप
उन्होंने यह भी कहा कि बिहार राज्य महिला आयोग पिछले वर्ष से लगातार जिलों में कैंप लगाकर लंबित मामलों का समाधान कर रहा है. इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है. आपके द्वार कार्यक्रम गुरुवार तक जारी रहेगा.
