24 जुलाई को मौसी घर से लौटेंगे भगवान जगन्नाथ, शाम को गाजे-बाजे के साथ निकलेगी भव्य बहुड़ा रथयात्रा

Bahuda Yatra 2026 : भागलपुर में भगवान जगन्नाथ की वापसी रथयात्रा को लेकर भक्तों में उत्साह है. आज चार स्थानों से भव्य रथयात्रा निकलेगी, जिसमें 56 व्यंजनों का महाभोग अर्पित किया जाएगा. शाम 5:30 बजे नया बाजार स्थित मंदिर से मुख्य यात्रा का शुभारंभ होगा.

Bahuda Yatra 2026 : भगवान जगन्नाथ की बहुड़ा (वापसी) रथयात्रा को लेकर भागलपुर में भक्तों के बीच उत्साह चरम पर है. शुक्रवार को नया बाजार, बाटा गली, गिरधारी साह हाट और चंपानगर से भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली जाएगी. मंदिरों में सुबह से विशेष पूजा-अर्चना और दर्शन का सिलसिला शुरू होगा.

चार स्थानों से निकलेगी भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा

भगवान जगन्नाथ की वापसी रथयात्रा नया बाजार सखीचंद घाट स्थित जगन्नाथ मंदिर, बाटा गली स्थित मंदिर, गिरधारी साह हाट परिसर स्थित मंदिर और चंपानगर ठाकुरबाड़ी से निकाली जाएगी. सभी मंदिरों में पूजा-अर्चना और रथ सजाने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं.

56 व्यंजनों का लगेगा महाभोग

शुक्रवार को दोपहर 12 बजे भगवान जगन्नाथ, बलराम और सुभद्रा को ऋतु फल और 56 प्रकार के व्यंजनों का महाभोग अर्पित किया जाएगा. इसके बाद भगवान को नवीन वस्त्र पहनाकर पुष्पमालाओं से भव्य श्रृंगार किया जाएगा. वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आरती के बाद भगवान को रथ पर विराजमान कराया जाएगा.

सुबह से उमड़ेंगे श्रद्धालु

मंदिरों में सुबह से ही भगवान जगन्नाथ के दर्शन और पूजा के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना है. नया बाजार स्थित मंदिर में 11 ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष श्रृंगार पूजा संपन्न होगी.

शाम 5:30 बजे निकलेगी बहुड़ा यात्रा

नया बाजार स्थित जगन्नाथ मंदिर से शाम 5:30 बजे गाजे-बाजे के साथ रथयात्रा निकलेगी. शोभायात्रा बूढ़ानाथ चौक, मंसूरगंज चौक, खलीफाबाग चौक, वेराइटी चौक और स्टेशन क्षेत्र से होकर पुनः मंदिर पहुंचेगी. यात्रा के बाद भजन संध्या और विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया जाएगा.

25 जुलाई से शुरू होगा चातुर्मास

मंदिर के पुजारियों के अनुसार भगवान जगन्नाथ की वापसी के बाद 25 जुलाई को हरिशयनी (देवशयनी) एकादशी मनाई जाएगी. इसी दिन से भगवान विष्णु चार महीने के लिए योगनिद्रा में चले जाएंगे और चातुर्मास का शुभारंभ होगा. इस अवधि में हिंदू धर्म में विवाह सहित कई मांगलिक कार्य वर्जित माने जाते हैं.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

दीपक कुमार राव प्रिंट माध्यम में 18 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 वर्षों से एक्टिव हैं. प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, कला-संस्कृति व सामाजिक कार्य में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >