Bhagalpur news मंत्री लेशी सिंह ने डॉक्टर के नशे में होने की शिकायत की, जांच टीम गठित

राज्य खाद्य आपूर्ति मंत्री लेशी सिंह ने सोमवार की देर रात बिहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य जांच के दौरान ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के नशे में होने की शिकायत की.

राज्य खाद्य आपूर्ति मंत्री लेशी सिंह ने सोमवार की देर रात बिहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य जांच के दौरान ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के नशे में होने की शिकायत की. सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक स्तर पर जांच टीम गठित कर जांच शुरू कर दी गयी है. मंत्री लेशी सिंह पटना से पूर्णिया जा रही थीं. इस दौरान स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर वह एनएच-31 स्थित बिहपुर सीएचसी में रुक कर स्वास्थ्य जांच करायी. ड्यूटी पर तैनात एएनएम हेमा कुमारी की जांच में मंत्री का ब्लड प्रेशर 190/150 पाया गया. कुछ देर रुकने पर सीएचसी के चिकित्सक डॉ सैफूल्ला ने उनका परीक्षण किया, जिसमें ब्लड प्रेशर 150/80 बताया. दोनों जांच रिपोर्ट में अंतर होने पर मंत्री ने दोबारा एएनएम से जांच करायी, जिसमें फिर 190/150 ही पाया गया. मंत्री ने चिकित्सक के नशे में होने की आशंका जता उनसे इस संबंध में सवाल किया. उन्होंने वरीय पदाधिकारियों को फोन कर मामले की जानकारी दी और ड्यूटी के दौरान चिकित्सक के नशे में होने की शिकायत की. सूचना मिलने पर बिहपुर पुलिस ब्रेथ एनालाइजर के साथ चिकित्सक की जांच के लिए सीएचसी पहुंची. मंत्री के वहां से जाने के बाद चिकित्सक भी मौके पर से फरार हो गये. शिकायत के बाद रात करीब पौने दो बजे बिहपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा जांच के लिए सीएचसी पहुंचे, लेकिन चिकित्सक वहां मौजूद नहीं मिले. मामले की जांच के लिए टीम का गठन किया गया है, जिसमें नवगछिया के कार्यपालक दंडाधिकारी सुधीर कुमार, अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ पिंकेश कुमार तथा उत्पाद विभाग के पदाधिकारी शामिल थे. जांच टीम ने सीएचसी पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया. सीएचसी प्रभारी सह चिकित्सा पदाधिकारी डॉ मुरारी पोद्दार ने बताया कि ड्यूटी पर तैनात कर्मियों से जानकारी ली गयी. सोमवार की रात्रि एक बजे ही जानकारी मिली कि सीएचसी में चिकित्सक नहीं है. उनके स्थान पर दूसरे चिकित्सक को तैनात किया गया. डॉ सैफूल्ला का मोबाइल स्वीच आफ है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: JITENDRA TOMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >