Bhagalpur News: धारावाहिक एकांकी “कूड़ा, कूड़ेदान में ही फेंकें का लोकार्पण

धारावाहिक एकांकी “कूड़ा, कूड़ेदान में ही फेंकें का लोकार्पण

= स्वच्छता के प्रति सबको जागरूक होना जरूरी : अंकित रंजन

वरीय संवाददाता, भागलपुर

स्वच्छता के प्रति देश के प्रत्येक नागरिक को जागरूक होना जरूरी है. जागरूकता लाने के लिए रंगमंच एक सशक्त माध्यम है. उक्त बातें जिला कला संस्कृति पदाधिकारी अंकित रंजन ने रविवार को आदमपुर स्थित एक स्थानीय होटल में सत्यनारायण मंडल लिखित धारावाहिक एकांकी संग्रह “कूड़ा, कूड़ेदान में ही फेंकें ” के लोकार्पण समारोह में कही. उन्होंने कहा कि इसमें संग्रहित एकांकी का मंचन निश्चित रूप से होना चाहिए. अंगिका के वरिष्ठ साहित्यकार डॉ अमरेंद्र ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए स्वच्छता को अपनाना जरूरी है. टीएनबी कॉलेज भागलपुर के अंग्रेजी विभाग के एचओडी सह बिहार राज्य अतिपिछड़ा आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ रतन कुमार मंडल ने कहा कि सामाजिक परिवेश को स्वच्छ बना कर ही लोगों को स्वच्छता के प्रति अधिक-से-अधिक जागरूक कर सकते हैं.

स्वच्छ रहने से ही शारीरिक व मानसिक विकास संभव

धारावाहिक एकांकी संग्रह के लेखक सत्यनारायण मंडल ने कहा कि धारावाहिक के प्रसारण से श्रोतागण तो लाभान्वित हुए ही, पुस्तक के रूप में आ जाने से पाठकगण भी काफी लाभान्वित होंगे और स्वच्छता के प्रति जागरूक होंगे. तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर हिंदी विभाग के व्याख्याता डॉ मंजीत सिंह किनवार ने कहा कि स्वच्छ रहने से ही शारीरिक एवं मानसिक विकास संभव है. डॉ शोभा कुमारी ने कहा कि इन्हीं की भांति सबको स्वच्छता के प्रति संकल्प लेने की जरूरत है. डॉ उलूपी झा ने चिंता जतायी कि जहां-तहां पॉलीथिन फेंकने से गाय एवं अन्य पशु उसको खाते हैं, जिससे उनकी मौत भी हो जाती है. ऐसा बिल्कुल नहीं करना चाहिए.

पर्यावरण की स्वच्छता के साथ-साथ भाषा और भाव संबंधी स्वच्छता भी जरूरी

विद्यावाचस्पति आमोद कुमार मिश्र ने अध्यक्षता करते हुए कहा कि पर्यावरण की स्वच्छता के साथ-साथ भाषा और भाव संबंधी स्वच्छता भी जरूरी है. आकाशवाणी दिल्ली के सहायक निदेशक (कार्यक्रम) अरुण कुमार पासवान, पूर्व कार्यक्रम अधिशासी प्रकाश देवकुलिश, नाओमी शांति हेम्बरम, दूरदर्शन केंद्र रांची के कार्यक्रम अधिशासी अमित कुमार, केंद्रीय विद्यालय के सेवानिवृत्त शिक्षक डॉ सुधीर मंडल आदि ने भी धारावाहिक एकांकी संग्रह की प्रशंसा की. मौके पर सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक राजकुमार गुप्ता, अर्जुन कुमार, दिलीप कुमार झा, डॉ विमल कुमार सिंह, प्रेम प्रकाश मंडल, मयंक, चंदा, शालिनी, रोमी, सपना, सुप्रभा सिंह, मनीषी आदि उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sanjiv kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >