बरियारपुर में जमीन पैमाइश के दौरान हंगामा, सीओ समेत नौ लोग घायल; 15 नामजद व 15 अज्ञात पर केस की तैयारी

बरियारपुर गांव में जमीन की पैमाइश के दौरान उस वक्त जमकर बवाल हो गया जब अंचल प्रशासन की टीम पर हमला किया गया। इस घटना में सीओ सहित कुल नौ लोग घायल हुए हैं। मामले में 15 नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

Land Survey Clash: शाहकुंड (भागलपुर). शाहकुंड थाना क्षेत्र की वासुदेवपुर पंचायत के बरियारपुर गांव में गुरुवार को जमीन पैमाइश के दौरान जमकर बवाल हो गया. पैमाइश का विरोध कर रहे लोगों पर अंचल प्रशासन की टीम पर हमला करने का आरोप है. घटना में शाहकुंड अंचलाधिकारी (सीओ) हर्षा कोमल, वासुदेवपुर पंचायत के पूर्व मुखिया अवधेश सिंह, महिला गार्ड, कैमरामैन समेत कुल नौ लोग घायल हो गए. घायलों का इलाज शाहकुंड सीएचसी में कराया गया, जहां से चार लोगों को बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर किया गया.

पैमाइश के दौरान हुआ विवाद

सीओ हर्षा कोमल ने बताया कि भागलपुर के पटल बाबू रोड निवासी सुदुप्तो बनर्जी की बरियारपुर मौजा में लगभग 15 एकड़ जमीन है. संबंधित भूमि के कागजात उपलब्ध होने के बाद अंचल प्रशासन की टीम गुरुवार को पैमाइश के लिए पहुंची थी. उन्होंने कहा कि कुछ लोग उक्त जमीन पर निजी स्वामित्व का दावा कर रहे थे, लेकिन निर्धारित समय तक आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए.

हमले का आरोप, कई लोग घायल

Land Survey Clash: सीओ के अनुसार पैमाइश की प्रक्रिया समाप्त होने के दौरान वहां मौजूद लोगों ने विरोध करते हुए लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और अन्य हथियारों से हमला कर दिया. इस दौरान उनके साथ धक्का-मुक्की की गई तथा पूर्व मुखिया अवधेश सिंह की कथित रूप से लाठी-डंडों से पिटाई की गई. पत्थरबाजी में महिला गार्ड, कैमरामैन और अन्य कर्मी भी घायल हो गए.

कैमरा तोड़ने और हथियार लहराने का भी आरोप

अंचलाधिकारी ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने अंबा गांव के कैमरामैन का कैमरा भी क्षतिग्रस्त कर दिया और उसे अपने साथ ले गए. उन्होंने यह भी दावा किया कि घटना के दौरान कुछ लोगों ने हथियार लहराकर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई.

15 नामजद समेत 15 अज्ञात पर होगी प्राथमिकी

सीओ हर्षा कोमल ने बताया कि घटना को लेकर 15 नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक आरोपी को पकड़कर शाहकुंड पुलिस को सौंपा गया था, लेकिन उसे छोड़ दिया गया. इस संबंध में पुलिस का पक्ष सामने आना बाकी है.

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच जारी

घटना की सूचना मिलने के बाद शाहकुंड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. प्रशासन का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: पटना हाईकोर्ट ने कहा- महिला की छाती दबाना और सलवार हटाने की कोशिश दुष्कर्म का प्रयास नहीं, बल्कि लज्जा भंग का अपराध

ये भी पढ़ें: 'मुझे वैभव सूर्यवंशी की नहीं...', इंग्लैंड के दिग्गज ने बताई भारतीय टीम की असली चुनौती


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Pintu Pranav

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >