गंगा स्वच्छता पखवाड़ा व जल महोत्सव पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत सोमवार को सुलतानगंज में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये गये. नगर परिषद कार्यालय से नमामि गंगे घाट तक जागरूकता रैली निकाली गयी. नेतृत्व नप के मुख्य पार्षद राजकुमार गुड्डू ने किया. उन्होंने हरी झंडी दिखा कर रैली को रवाना किया. रैली में प्रशिक्षु एएसपी सह थानाध्यक्ष सायम रजा, इंस्पेक्टर मृत्युंजय कुमार, नप के स्वच्छता पदाधिकारी अमित कुमार भगत, टाउन प्लानर सुषमा शिल्पी कुमारी, प्रधान लेखापाल राजीव रंजन चौधरी, सहायिका क्रांति कुमारी, स्वच्छता निरीक्षक चंदन कुमार, पार्षद संजय कुमार चौधरी, नवीन कुमार बन्नी, रीना देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, एनसीसी कैडेट्स और स्कूली बच्चों ने भाग लिया.
मुख्य पार्षद ने कहा कि गंगा हमारी आस्था और संस्कृति की पहचान है, इसलिए इसे स्वच्छ और अविरल बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत स्वच्छता की नई पहल, बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ अभियान को सफल बनाने के लिए नगर परिषद लगातार जागरूकता कार्यक्रम चला रही है. उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि स्वच्छ व सुंदर अजगैवीनाथधाम सुलतानगंज बनाने के लिए सभी लोग आगे आएं और गंगा स्वच्छता अभियान में अपना योगदान दें. स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में स्वच्छता रैकिंग में बेहतर स्थान प्राप्त करने में सभी लोगो की सहभागिता अपेक्षित है. रैली में छात्र-छात्राएं हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर गंगा को स्वच्छ बनाएं, प्लास्टिक मुक्त गंगा तट बनाएं और स्वच्छ गंगा, सुरक्षित जीवन जैसे संदेश देते हुए लोगों को जागरूक कर रहे थे. नगरवासियों से गंगा नदी में कूड़ा-कचरा, प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट नहीं डालने की अपील की गयी.
