Sultanganj Shravani Mela 2026 : सावन माह के पहले दिन उत्तरवाहिनी गंगा तट पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला. सुबह से ही गंगा घाट पर कांवरियों का जनसैलाब उमड़ पड़ा. देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ नेपाल और भूटान से भी श्रद्धालुओं का जत्था सुल्तानगंज पहुंचा. पूरा क्षेत्र 'बोल बम' और 'हर-हर महादेव' के जयघोष से गूंज उठा.
देश-विदेश से पहुंचे शिवभक्त
सावन के पहले दिन असम, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान सहित नेपाल एवं भूटान से बड़ी संख्या में कांवरिये सुल्तानगंज पहुंचे. श्रद्धालुओं ने उत्तरवाहिनी गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और बाबा अजगैवीनाथ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया.
गंगाजल भरकर बाबाधाम के लिए हुए रवाना
पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगाजल अपनी कांवर में भरा और पैदल बाबाधाम (देवघर) के लिए रवाना हो गए. कच्ची कांवरिया पथ पर हजारों शिवभक्त 'बोल बम' के जयघोष के साथ उत्साह और भक्ति में सराबोर होकर आगे बढ़ते नजर आए.
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
श्रावणी मेले में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं. गंगा घाट, बाबा अजगैवीनाथ मंदिर और कांवरिया पथ पर पुलिस बल, दंडाधिकारी और स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है. भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके.
